हजारीबाग की दर्दनाक घटना पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा— दोषियों को हर हाल में मिलेगी कड़ी सजा
रांची : स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि हजारीबाग की दर्दनाक घटना ने पूरे झारखंड को झकझोर कर रख दिया है। दो बेटियों और एक मासूम बच्चे की निर्मम हत्या के बाद भी अब तक अपराधियों का खुलासा नहीं होना अत्यंत चिंताजनक है। इससे पूरे समाज में गहरा आक्रोश है।
बुधवार को पीड़ित परिवारों से मुलाकात के दौरान उनकी पीड़ा और आर्थिक स्थिति देखकर मेरी आंखें नम हो गईं। एक पिता, जो टायर पंचर बनाकर किसी तरह अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे, अपनी बेटी को एक समय का भोजन कराकर NEET की तैयारी करा रहे थे, ताकि वह डॉक्टर बनकर परिवार का भविष्य बदल सके। लेकिन अपराधियों ने उसके सपनों को हमेशा के लिए छीन लिया।

आदरणीय राहुल गांधी की प्रेरणा एवं माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मार्गदर्शन में पीड़ित परिवारों के आंसू पोंछने के लिए तीनों परिवारों को कुल ₹1,50,000 की तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की गई। प्रत्येक परिवार को ₹50,000 की सहायता राशि दी गई।
मैंने परिवारों को विश्वास दिलाया कि इस दुख की घड़ी में मैं और झारखंड सरकार उनके साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं। मैं शीघ्र ही हजारीबाग जाकर जिला प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करूंगा और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि इस जघन्य अपराध में शामिल सभी दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए।
पीड़ित परिवार अकेला नहीं है। न्याय दिलाना और हर संभव सहयोग देना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।


