मेयर रोशनी खलखो ने पीसीसी निर्माण योजना का किया शिलान्यास
रांची: शहर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय विकास कार्यों को गति देने की दिशा में शुक्रवार को रांची नगर निगम ने एक महत्वपूर्ण परियोजना की शुरुआत की। महापौर रोशनी खलखो ने कांके विधायक सुरेश बैठा की उपस्थिति में वार्ड संख्या 10 में पीसीसी पथ निर्माण योजना का विधिवत शिलान्यास किया।
इस योजना के तहत ऊषा टोप्पो के घर से सावित्री मुर्मू के घर तक पीसीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क बनने से वर्षों से चली आ रही आवागमन की समस्या दूर होगी और क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। बरसात के दिनों में होने वाली परेशानियों से भी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नगर निगम शहर के सभी वार्डों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार विकास कार्य कर रहा है। सड़क, नाली और अन्य जनोपयोगी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है ताकि नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
इस अवसर पर वार्ड संख्या 10 की पार्षद श्रीमती संगीता देवी, रणधीर सिंह, दीपक साह, अर्जुन मुंडा, संजय, बिक्की करमाली, संतोष सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। क्षेत्रवासियों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताते हुए नगर निगम और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।


