तमिलनाडु में गैस लीक से झारखंड के मजदूर की मौत, 39 श्रमिकों ने लगाई घर वापसी की गुहार,सीएम हेमंत सोरेन ने दिए कार्रवाई के निर्देश

रांची: तमिलनाडु के एक औद्योगिक प्रतिष्ठान में अमोनिया गैस रिसाव की घटना में झारखंड के एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूरों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद वहां कार्यरत झारखंड के 39 मजदूरों में भय का माहौल है। मजदूरों का आरोप है कि हादसे के बाद कंपनी के ठेकेदार ने उन्हें एक कमरे में बंद कर रखा है और बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी जा रही है। सभी मजदूरों ने राज्य सरकार से सुरक्षित झारखंड वापस लाने की गुहार लगाई है।
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने तमिलनाडु सरकार और संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर सभी मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, उन्हें सकुशल झारखंड वापस लाने तथा मृतक मजदूर के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द उसके पैतृक गांव पहुंचाने की व्यवस्था करने को कहा है।
बताया जा रहा है कि अमोनिया गैस रिसाव के बाद मजदूरों में दहशत फैल गई है। परिजनों की चिंता भी बढ़ गई है और वे लगातार राज्य सरकार से हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं। तमिलनाडु में फंसे मजदूरों में हजारीबाग,गिरिडीह,लातेहार और गुमला के बताए जा रहे हैं।
उधर झारखंड सरकार की ओर से आश्वासन दिया गया है कि किसी भी मजदूर को असहाय नहीं छोड़ा जाएगा। सभी प्रभावित श्रमिकों की सुरक्षित वापसी, उनका आवश्यक उपचार तथा मृतक के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। राज्य सरकार ने कहा है कि पूरे मामले की गंभीरता से निगरानी की जा रही है और मजदूरों के हितों की हर स्तर पर रक्षा की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *