आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा अभियान चलाएगा

गणादेश,रांची : अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा झारखंड प्रदेश इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को राजधानी रांची के हरमू स्थित बाबू वीर कुंवर सिंह पार्क में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष आदर्श कुमार सिंह ने की। इसमें संगठन की मजबूती, विस्तार और आने वाले कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा की गई। इसके साथ ही समाज और देश में आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।  

बैठक में निर्णय लिया गया कि राज्य के प्रत्येक जिला और प्रखंड में संगठन का विस्तार किया जाएगा ताकि दबे-कुचले और पिछड़े वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाया जा सके। साथ ही झारखंड में क्षत्रिय आयोग गठन की मांग को लेकर आंदोलन को तेज करने का भी निर्णय लिया गया।

बैठक में संगठनात्मक जिम्मेदारियाँ भी सौंपी गईं। प्रतुल शाहदेव, डी.के. सिंह, अविनाश सिंह, संजय सिंह, दिवाकर सिंह और राम बाबू सिंह को संरक्षक बनाया गया, जबकि प्रदीप कुमार सिंह को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई।

बैठक के बाद राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार सिंह उर्फ बीनू सिंह ने कहा कि झारखंड के सभी जिलों में संगठन विस्तार का कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा, अब अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा समाज की हर आवाज बनेगी और अपने हक-अधिकार के लिए मजबूती से लड़ाई लड़ेगी।”

पूर्व मंत्री कमलेश सिंह ने कहा कि संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने के लिए पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। उन्होंने कहा कि आरक्षण का लाभ सभी वर्गों को मिलना चाहिए तथा आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को आर्थिक आधार पर आरक्षण दिया जाना चाहिए।

महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष मनीषा सिंह ने कहा कि महासभा महिलाओं को सशक्त बनाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा, अब महिलाएं सामाजिक क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं और अन्याय के खिलाफ डटकर खड़ी होंगी।”

इस अवसर पर यश सिंह परमार, मुदित राज, नितेश सिंह, भोला नाथ सिंह सहित सैकड़ों क्षत्रिय समाज के लोग उपस्थित रहे। बैठक के अंत में संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का संकल्प दोहराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *