झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा रांची जिला का प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त से मिला, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

गणादेश,रांची: झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा रांची जिला के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को उपायुक्त से मुलाकात कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में दिशोम गुरु शिबू सोरेन को गजट नोटिफिकेशन कर झारखंड आंदोलनकारी के रूप में सम्मान देने, सभी आंदोलनकारियों को न्याय और सम्मानजनक जीवन का अधिकार सुनिश्चित करने की मांग की गई।

उपायुक्त ने प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि शीघ्र ही सम्मान समारोह आयोजित कर आंदोलनकारियों को सम्मान पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल में मोर्चा के संस्थापक प्रधान सचिव पुष्कर महतो, जिला अध्यक्ष सुबोध लकड़ा, केंद्रीय कोषाध्यक्ष श्रीमती सरोजिनी कच्छप, रोजलीन तिर्की, अनथन लकड़ा, रमेश कुमार, मनोज लाकड़ा, पुष्पा बरदेवा और अमर भेंगरा शामिल थे।

पुष्कर महतो ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों की स्थिति दयनीय है। राज्य निर्माण में योगदान देने वाले आंदोलनकारियों को न्याय व सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने मांग की कि आंदोलनकारियों को 50 हजार रुपये मासिक पेंशन, 15 लाख रुपये बीमा, 10 लाख रुपये तक निशुल्क मेडिकल सुविधा तथा यात्रा कूपन की सुविधा मिले। साथ ही 3 जनवरी को जयपाल सिंह मुंडा जयंती को “झारखंड आंदोलनकारी दिवस” और 11 जनवरी को दिशोम गुरु शिबू सोरेन जयंती को “महाजनी प्रथा विरोधी दिवस” घोषित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *