हाईकोर्ट से रणजीत मंडल को सशर्त जमानत, साइबर ठगी मामले में मिली बड़ी राहत
खलारी (गणादेश): साइबर ठगी के मामले में लंबे समय से न्यायिक हिरासत में बंद आरोपी रणजीत कुमार मंडल उर्फ रंजीत मंडल को झारखंड हाईकोर्ट से राहत मिली है।


मामले में अनुसंधान पूरा होने और चार्जशीट दाखिल किए जाने के बाद अदालत ने आरोपी की जमानत याचिका स्वीकार कर ली। हालांकि, हाईकोर्ट ने रिहाई का आदेश देते हुए स्पष्ट किया कि जमानत का लाभ निर्धारित शर्तो के पालन पर ही निर्भर करेगा। न्यायमूर्ति अरुण कुमार राय की पीठ ने शुक्रवार को बीए संख्या 10889/2026 पर सुनवाई करते हुए यह आदेश पारित किया। बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता दीपक कुमार चौहान ने आरोपी का पक्ष रखा। अदालत ने 25 हजार रुपये के जमानत बंधपत्र तथा इतनी ही राशि के दो जमानतदार प्रस्तुत करने पर रिहाई का निर्देश दिया।देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के सिमरजोर निवासी रणजीत मंडल के खिलाफ तिलैया थाना कांड संख्या 158/2022 दर्ज है। यह मामला एसीजेएम, कोडरमा के न्यायालय में लंबित है। आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 406, 419 और 420 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66-बी, 66-सी और 66-डी के तहत मामला दर्ज है। अदालत के अभिलेख के अनुसार, आरोपी के मोबाइल से जुड़े बैंक खाते में साइबर ठगी के 50 हजार रुपये जमा किए गए थे। इसी वित्तीय लेनदेन को मामले की जांच का महत्वपूर्ण आधार बनाया गया है।
जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के अधिवक्ता दीपक कुमार चौहान ने अदालत को बताया कि आरोपी 24 अगस्त 2026 से न्यायिक हिरासत में है। मामले में पुलिस अनुसंधान पूरा कर चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। ऐसे में आगे की जांच के लिए आरोपी को हिरासत में रखने की आवश्यकता नहीं रह गई है। बचाव पक्ष ने मोहनपुर थाना कांड संख्या 67/2022 का भी उल्लेख किया और बताया कि वह साइबर अपराध से संबंधित मामला नहीं है तथा उसमें आरोपी को पहले ही जमानत मिल चुकी है। दूसरी ओर, राज्य सरकार की ओर से अपर लोक अभियोजक (एपीपी) अभय कुमार तिवारी ने जमानत याचिका का विरोध किया। अभियोजन पक्ष ने आरोपी की रिहाई से दोबारा अपराध की आशंका और जनसुरक्षा पर संभावित खतरे का हवाला देते हुए जमानत नहीं देने की दलील दी।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और उपलब्ध अभिलेखों पर विचार करने के बाद हाईकोर्ट ने आरोपी को सशर्त जमानत प्रदान की। अदालत ने चार्जशीट दाखिल होने तथा साक्ष्यों से छेड़छाड़ और आरोपी के फरार होने की आशंका नहीं दिखने को राहत देने के महत्वपूर्ण आधारों में शामिल किया। हालांकि, अदालत ने आरोपी के लिए कई अनिवार्य शर्ते निर्धारित की हैं। उसे भविष्य में इस तरह के अपराध में शामिल नहीं होने का वचनपत्र देना होगा। ट्रायल समाप्त होने तक प्रत्येक छह माह में शपथ-पत्र दाखिल करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा चिकित्सीय आपात स्थिति को छोड़कर प्रत्येक सुनवाई में अदालत के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहना होगा।


