परम ज्ञान सत्संग दीपावली महोत्सव का भव्य शुभारंभ, भजनों और प्रवचन से भक्त हुए भावविभोर

रांची: श्री अद्वैत स्वरूप संन्यास आश्रम परमपुरी, रांची संगत शाखा के तत्वावधान में आयोजित परम ज्ञान सत्संग दीपावली महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को मेकॉन कॉलोनी स्थित इस्पात क्लब में हर्षोल्लास के साथ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत गुरु महाराज के जयकारों और आरती से हुई। इसके बाद दिल्ली से आए जितेंद्र बक्शी ने भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर श्रद्धालु भक्ति में झूम उठे।
इस दौरान विभिन्न केंद्रों से आए महात्माओं ने प्रवचन दिया। कार्यक्रम के अंत में महामंडलेश्वर साध्वी निर्भयानंद पुरी जी (निर्मला बहन) ने मानव जीवन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन पूर्व जन्मों के अच्छे कर्मों का फल है। जीवन में अनुशासन और साधना के माध्यम से ईश्वर की कृपा प्राप्त की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि संसार दुखों से भरा है। जन्म से लेकर मृत्यु तक मनुष्य विभिन्न कष्टों से गुजरता है। ऐसे में संत सद्गुरु की शरणागति ही दुखों से मुक्ति का सहज मार्ग है। सद्गुरु की कृपा से अज्ञानता दूर होती है और आंतरिक आनंद की अनुभूति होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *