SIR और MMDR के विरोध में विशेष सत्र बुलाकर जनता को गुमराह कर रही हेमंत सरकार : भाजपा
रांची : झारखंड विधानसभा के 25 और 26 नवंबर को होने वाले विशेष सत्र को लेकर भाजपा ने हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधा है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि सरकार एसआईआर और एमएमडीआर के मुद्दे पर विशेष सत्र बुलाकर जनता को गुमराह करने और राजनीतिक नैरेटिव गढ़ने की कोशिश कर रही है। पार्टी का कहना है कि दोनों मुद्दों पर विरोध इंडी गठबंधन के प्रोपेगेंडा का हिस्सा है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की उपस्थिति में भाजपा विधायक दल की बैठक हुई। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए पार्टी के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि इंडी गठबंधन पूरे देश में एसआईआर और ईवीएम को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है। झारखंड सरकार भी इसी राजनीतिक एजेंडे के तहत विधानसभा का विशेष सत्र बुला रही है।
एसआईआर पर सवाल उठाते हुए जायसवाल ने कहा कि यह कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि चुनाव आयोग की संवैधानिक प्रक्रिया है। इसमें बीएलओ घर-घर जाकर फॉर्म भरवाते हैं और पूरी प्रक्रिया राज्य के अधिकारियों तथा उपायुक्तों की निगरानी में संपन्न होती है। ऐसे में एसआईआर का विरोध कर राज्य सरकार अपनी ही प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। उन्होंने कांग्रेस पर ईवीएम को लेकर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि ईवीएम से चुनाव पर भरोसा नहीं है तो हेमंत सोरेन सरकार और ईवीएम से जीतकर विधायक बने जनप्रतिनिधियों को पहले नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देना चाहिए।
एमएमडीआर के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यह कानून पूरे देश के लिए है, लेकिन झारखंड में इसका विरोध राजनीतिक कारणों से किया जा रहा है। जायसवाल ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार सेस और टैक्स लगाकर कोयले की कीमत बढ़ाना चाहती है, जिससे इसकी बिक्री प्रभावित हो रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार अवैध कोयला कारोबार पर अंकुश लगाने के बजाय वैध कारोबार को प्रभावित कर रही है।
जायसवाल ने एसआईआर में नाम काटे जाने के आरोपों को भी राजनीतिक नैरेटिव बताया। उन्होंने कहा कि यदि किसी गांव के लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं तो संबंधित दलों को सूची चुनाव आयोग, उपायुक्त और बीएलओ को सौंपनी चाहिए। भाजपा का दावा है कि झारखंड में एसआईआर की प्रक्रिया 90 प्रतिशत पूरी हो चुकी है और अगले महीने मतदाता सूची जारी होगी। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, बाबूलाल मरांडी समेत भाजपा के विधायक उपस्थित थे।

