इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल हुए स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, हेमंत सोरेन से हुई मुलाकात

गणादेश,रांची : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी शनिवार को दिल्ली में आयोजित इंडिया गठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल हुए। इस दौरान उनकी मुलाकात मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी हुई। बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी समेत इंडिया गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
बैठक में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने की पहल पर चर्चा हुई। विपक्षी नेताओं ने लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता एवं जवाबदेही का मुद्दा उठाते हुए अपनी आवाज बुलंद की। बैठक में संवैधानिक व्यवस्था और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा को लेकर विपक्ष की रणनीति पर भी चर्चा हुई।
बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि देशभर में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए विपक्ष एकजुट है। उन्होंने कहा कि एक नवंबर को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में राहुल गांधी के नेतृत्व में विशाल रैली आयोजित होगी। इसमें देशभर से लाखों लोग शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
उन्होंने कहा कि देश बदलाव चाहता है। लोकतंत्र, संविधान और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए यह संघर्ष जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *