मां की एक डांट के बाद घर से निकली 15 साल की बेटी, फिर तीन महीने तक राजस्थान में कैद रही जिंदगी

भागलपुर: मां ने घर के काम को लेकर डांट लगाई थी। मन दुखी हुआ तो 15 साल की मासूम घर से निकलकर खेत की ओर चली गई। शायद उसे भी अंदाजा नहीं था कि घर से उठाया गया यह छोटा-सा कदम उसकी जिंदगी को इतने बड़े अंधेरे में धकेल देगा। जिस गांव की गलियों में वह पली-बढ़ी थी, वहां से हजारों किलोमीटर दूर राजस्थान पहुंचा दी जाएगी। आरोप है कि उसे दो लाख रुपये में बेच दिया जाएगा और उससे 19 साल बड़े व्यक्ति के साथ उसकी शादी करा दी जाएगी।

भागलपुर जिले के नवगछिया थाना क्षेत्र की इस किशोरी की कहानी किसी को भी झकझोर सकती है। 20 जुलाई को घर से निकली बेटी अचानक लापता हो गई। परिवार ने गांव, खेत और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की। हर संभावित जगह खोजा, लेकिन बेटी का कोई सुराग नहीं मिला। घर में इंतजार था, आंखों में चिंता थी और हर गुजरते दिन के साथ अनहोनी की आशंका गहराती जा रही थी।

परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। लेकिन तीन महीने तक परिवार को अपनी बेटी की कोई खबर नहीं मिली।पीड़िता ने पुलिस को जो आपबीती सुनाई, वह बेहद दर्दनाक है। उसके अनुसार, गांव की एक महिला पारसमणि उसे बहलाकर अपने साथ बस स्टैंड के पास एक मकान में ले गई। वहां उसे कुछ खिलाया गया, जिसके बाद वह बेहोश हो गई।अगले दिन शाम को जब उसे होश आया तो वह राजस्थान में थी। उसे समझ नहीं आ रहा था कि वह अपने घर, माता-पिता और गांव से इतनी दूर कैसे पहुंच गई।
किशोरी का आरोप है कि उक्त महिला ने उसे दो लाख रुपये में बेच दिया और वहां से चली गई। इसके बाद उसकी शादी 34 वर्षीय मनफूल गोदारा से करा दी गई। महज 15 साल की उम्र में उसे एक ऐसे जीवन में धकेल दिया गया, जिसके बारे में उसने कभी सोचा भी नहीं होगा।
पीड़िता के मुताबिक, राजस्थान पहुंचने के बाद पहले उसे एक होटल में रखा गया। फिर उसे उस व्यक्ति के पास भेज दिया गया, जिसके साथ उसकी शादी कराई गई थी। उसने वहां से भागने की कोशिश भी की, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। विपरीत परिस्थितियों में भी घर लौटने की उम्मीद उसने नहीं छोड़ी।
राजस्थान पहुंचने के करीब पांच दिन बाद उसे एक घर में अकेले रहने का मौका मिला। वहां एक मोबाइल फोन रखा था। समय ने उसे एक ऐसा अवसर दिया, जिसका उसने इंतजार किया था।20 अक्टूबर को मौका मिलते ही उसने अपने पिता को फोन लगाया। अपनी आपबीती सुनाई और बताया कि वह राजस्थान में है। सोचिए, तीन महीने से बेटी की तलाश में भटक रहे माता-पिता के लिए वह फोन कितना भावुक कर देने वाला रहा होगा। जिस आवाज को सुनने के लिए परिवार की आंखें तरस रही थीं, वह अचानक फोन पर सुनाई दी। बेटी जिंदा थी और घर लौटना चाहती थी।परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच में लोकेशन राजस्थान के बीकानेर की मिली। इसके बाद भागलपुर पुलिस की टीम राजस्थान पहुंची। स्थानीय पुलिस की मदद से छापेमारी की गई और किशोरी को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने उस व्यक्ति मनफूल गोदारा को भी गिरफ्तार किया है, जिसके साथ किशोरी की शादी कराए जाने का आरोप है। मुख्य आरोपित महिला पारसमणि देवी की तलाश जारी है।
एसडीपीओ सईम रजा के अनुसार, इलाके में बड़े सिंडिकेट के सक्रिय होने की आशंका है। मकान मालिक लखन सिंह और पारसमणि देवी के पिता के नाम की समानता को लेकर भी जांच की जा रही है। दोनों एक ही व्यक्ति हैं या अलग-अलग, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। आखिर उसे किसने और किन परिस्थितियों में दूसरे राज्य पहुंचाया? क्या इस पूरे मामले के पीछे कोई संगठित गिरोह है? क्या इलाके की दूसरी लापता लड़कियों का भी इससे कोई संबंध है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *