टंडवा में बवाल: ग्रामीणों ने पुलिस पर किया पथराव, थाना प्रभारी समेत आधा दर्जन जवान घायल

रांची: टंडवा थाना क्षेत्र के सिदपा गांव में महिला को बंधक बनाए जाने की सूचना के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। देखते ही देखते आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया। इस घटना में सदर थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक अनिल उरांव समेत करीब आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल हो गए। भीड़ ने पुलिस वाहनों में भी तोड़फोड़ की।
बताया जा रहा है कि गांव में एक महिला को बंधक बनाए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी बताए जा रहे युवक-युवती को ग्रामीणों की भीड़ से सुरक्षित निकालने का प्रयास किया। इसी दौरान ग्रामीण उग्र हो गए और पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पथराव में सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव के गर्दन और हाथ में चोट लगी है। अन्य घायल जवानों को भी इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। थाना प्रभारी का इलाज एनटीपीसी अस्पताल में चल रहा है।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए चार राउंड फायरिंग की। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद भीड़ के बीच फंसे युवक-युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ और पथराव करने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। घटना के बाद गांव में पुलिस की गतिविधियां बढ़ा दी गई हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *