कसमार प्रखण्ड में सेवाती घाटी के पर्यटन विकास एवं सुन्दरीकरण से क्षेत्र का विकास होगा:उपायुक्त

बोकारो: कसमार प्रखण्ड अन्तर्गत सेवाती घाटी के पर्यटन विकास एवं सुन्दरीकरण के संबंध में क्षेत्र का भ्रमण उपायुक्त अजय नाथा झा द्वारा किया गया। भ्रमण के दौरान उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, जिला वन प्रमण्डल पदाधिकारी संदीप शिंदे, अपर समाहर्ता सुनिल चन्द्र, बेरमो अनुमण्डल पदाधिकारी, मनोज कुमार, प्रशिक्षु आईएएस अरविन्द राधा कृष्णण, उप निदेशक जनसम्पर्क रवि कुमार, पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी कसमार, अंचल अधिकारी कसमार उपस्थित थे।उपायुक्त अजय नाथ झा ने क्षेत्र भ्रमण के पश्चात मौके पर ही अधिकारियों के साथ बैठक की एवं घाटी के पर्यटन विकास एवं सुन्दरीकरण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि बोकारो जिला के कसमार प्रखण्ड अंतर्गत अवस्थित सेवाती घाटी पर्यटन विकास के दृष्टिकोण से अत्यन्त महत्वपूर्ण है। पर्यटन के रूप में इस क्षेत्र के विकास से न केवल क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियाँ बढ़ेगी बल्कि सम्पूर्ण राज्य के लिए धार्मिक एवं सांस्कृतिक मेलजोल के केन्द्र के रूप में विकसित होगा। बनारस-कोलकाता राजमार्ग के समीप होने के कारण इस क्षेत्र का तेजी से विकास संभव है। उन्होंने कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण विभाग से इस सम्पूर्ण क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टिकोण से एक सर्किट निर्माण के लिए सड़क निर्माण हेतु सम्पूर्ण योजना तैयार कर प्रस्तुत करने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को सुनिश्चित करते हुए कार्य योजना तैयार करें। क्षेत्र का प्राकृतिक सौंदर्य का संरक्षण करते हुए ग्रीन व्यू के दृष्टिकोण से विकास कार्यों को अंजाम दें।पर्यटन के दृष्टिकोण से क्षेत्र के सम्पूर्ण विकास के लिए सड़क कनेक्टीविटी बढेगी, जिससे आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए न केवल आवागमण की सुविधा बढेगी बल्कि आर्थिक गतिविधियाँ भी तेज होगी, जिससे क्षेत्र का तीव्रता से विकास होगा। इस क्षेत्र के स्थानीय हाट-बाजारों में गतिविधियाँ बढ़ेगी।उपायुक्त अजय नाथ झा ने बैठक के क्रम में अंचल अधिकारी को सभी हाट-बाजारों की सूची उपलब्ध कराने का निदेश दिया ताकि इन सभी को पर्यटन सर्किट से जोड़ते हुए इन्हें माॅडल हाट-बाजार के रूप में विकसित किया जा सके। इन सभी हाट-बाजारों में ग्रामीण आर्थिक गतिविधि एवं सांस्कृतिक विकास होगा। साथ ही साथ क्षेत्र के स्वयं सहायता समूह की दीदीयों की भी आर्थिक गतिविधियाँ बढ़ेगी, जिससे महिला समूह आर्थिक रूप से सम्पन्न होेंगी।
बैठक में जानकारी दी गई कि इस क्षेत्र विशेष में बांस से जुड़े कार्य बहुतायत मात्रा में किये जाते हैं, इससे बांस के कारीगरों को भी आर्थिक सम्पन्नता प्राप्त होगी।
क्षेत्र विशेष में प्रचलित व्यंजनों से सजा सेवाती थाली पर्यटकों को परोसे जाएगें। इससे दुर-दराज के क्षेत्रों से आये विभिन्न संस्कृतियों के लोग इस क्षेत्र विशेष के खानपान से अवगत होगें और इनका व्यापक प्रचार-प्रसार भी सम्भव होगा।सेवाती घाटी के पर्यटन विकास एवं सुंदरीकरण से संबंधित संपूर्ण कार्ययोजना का प्रस्ताव अनुमोदन हेतु राज्य सरकार को भेजी जाएगी ।उपायुक्त अजय नाथ झा मौके पर उपस्थित पत्रकारों से बातचीत में कहा कि घाटी क्षेत्र के पर्यटन विकास एवं सुंदरीकरण से संपूर्ण प्रस्ताव राज्य सरकार के अनुमोदन हेतु भेजी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *