हेमंत सरकार युवाओं का भविष्य बेच रही, बिना CBI जांच छात्रों को न्याय नहीं : आदित्य साहू

रांची : JPSC, JSSC एवं CGL परीक्षाओं में हुई कथित व्यापक धांधली, परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले दोषियों की गिरफ्तारी, पूरे मामले की CBI जांच तथा शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग को लेकर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में भाजपा रांची महानगर, रांची पूर्वी एवं रांची पश्चिमी जिला के संयुक्त तत्वावधान में रांची उपायुक्त कार्यालय का घेराव किया गया। जिला स्कूल मैदान से निकले इस घेराव कार्यक्रम में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, छात्र–युवा एवं समर्थक शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने छात्रों के समर्थन में जोरदार आवाज बुलंद करते हुए सरकार से परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और युवाओं के भविष्य के साथ न्याय सुनिश्चित करने की मांग की।

घेराव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि हेमंत सरकार छात्रों के साथ अन्याय और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। झारखंड के छात्रों का आंदोलन अब केवल झारखंड तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह देश का आंदोलन बन गया है। सरकार आंदोलन को दबाने के लिए भोले-भाले छात्रों पर फर्जी FIR दर्ज कर उनकी आवाज कुचलने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि आंदोलनरत छात्रों पर सत्तारूढ़ दल के कार्यकर्ताओं द्वारा हमले किए जा रहे हैं और सरकार ने लोकतांत्रिक आंदोलन पर पाबंदी लगाने का प्रयास किया है। नौकरी के सौदागर खुले घूम रहे हैं, जबकि सरकार छोटी मछलियों को CID के माध्यम से पकड़वाकर महज दिखावा कर रही है।

श्री साहू ने कहा कि बिना CBI जांच के छात्रों को न्याय नहीं मिल सकता। हेमंत सरकार ने भर्ती संस्थानों को कमाई का साधन बना दिया है। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अविलंब पूरे मामले की CBI जांच कराई जाए, छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं तथा JPSC, JSSC और CGL की धांधली में शामिल बड़ी मछलियों को गिरफ्तार किया जाए, अन्यथा भाजपा चरणबद्ध एवं व्यापक आंदोलन करेगी।

कार्यक्रम को पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, रांची विधायक सीपी सिंह, हटिया विधायक नवीन जायसवाल, रांची की महापौर रोशनी खलखो ने भी संबोधित करते हुए राज्य की सरकार पर हमला बोला। वक्ताओं ने कहा कि राज्य सरकार सीआईडी जांच के नाम पर केवल आईवॉश कर रही है। इस सरकार को हर हाल में सीबीआई जांच करानी ही होगी।

वहीं इस कार्यक्रम में रांची उप महापौर नीरज कुमार, प्रदेश मंत्री अमित कुमार, रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू, रांची पूर्वी जिला अध्यक्ष विनय महतो ‘धीरज’, रांची पश्चिमी जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिंह, भारत यादव, सीमा सिंह, मनोज महतो बाजपेयी, सन्नी टोप्पो, पूर्व विधायक राम कुमार पाहन, समरी लाल, गंगोत्री कुजूर, हेमंत दास, सूरज चौरसिया, सत्यनारायण सिंह, केके गुप्ता, सुबोध सिंह गुड्डू, संदीप वर्मा, बलराम सिंह, जितेंद्र वर्मा, मनोज चौधरी, सुधाकर चौबे, रमेश सिंह, ललित ओझा, कमलेश राम, राजू सिंह, बीणा मिश्रा, नीरज चौधरी, संकेत तिवारी, शत्रुधन साहू सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *