सांसद लवली आनंद और पूर्व सांसद आनंद मोहन ने किया पाटलिपुत्रा शूटिंग एकेडमी का उद्घाटन

रांची: राजधानी रांची के मेन रोड स्थित पाटलिपुत्रा शूटिंग एकेडमी का रविवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। पटना के बाद झारखंड की राजधानी रांची में एकेडमी की यह दूसरी शाखा है। इसके शुरू होने से रांची और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को शूटिंग के क्षेत्र में प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
एकेडमी के उद्घाटन से पहले सुबह वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की गई। इस धार्मिक अनुष्ठान में बिहार के जदयू विधायक एवं एकेडमी के निदेशक चेतन आनंद शामिल हुए। इसके बाद सुबह 11 बजे सांसद लवली आनंद और पूर्व सांसद आनंद मोहन ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एकेडमी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर पूर्व सांसद रवींद्र राय, पूर्व विधायक प्रवीण सिंह, जदयू विधायक चेतन आनंद समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद आनंद मोहन ने एकेडमी के निदेशक चेतन आनंद को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पटना में पाटलिपुत्रा शूटिंग एकेडमी खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देने का काम कर रही है। उन्हें पूरी उम्मीद है कि रांची में भी एकेडमी अपनी पहचान बनाएगी और झारखंड के प्रतिभावान खिलाड़ियों को शूटिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में प्रतिभाओं को उचित मार्गदर्शन और प्रशिक्षण मिलना जरूरी है।
वहीं, नवीनगर के जदयू विधायक चेतन आनंद ने कहा कि वह स्वयं नेशनल शूटर रह चुके हैं। उन्हें शूटिंग खेल और खिलाड़ियों की जरूरतों की अच्छी समझ है। इसी अनुभव के आधार पर एकेडमी में प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि यहां योग्य प्रशिक्षकों की नियुक्ति, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। एकेडमी का उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए तैयार करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *