भाजपा का 48 घंटे का अल्टीमेटम खत्म, 24 जिलों में चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान
रांची : छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और पिछले सात वर्षों में हुई सभी भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई जांच कराने समेत अन्य मांगों को लेकर भाजपा की ओर से राज्य सरकार को दिया गया 48 घंटे का अल्टीमेटम समाप्त हो गया। इसके बाद भाजपा ने राज्य के सभी 24 प्रशासनिक जिलों में चार दिवसीय चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है। इस दौरान जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन के साथ डीसी और एसपी कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने आंदोलन की घोषणा करते हुए कहा कि भाजपा के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव के माध्यम से सरकार के समक्ष छात्रों की मांगें रखी थीं। सरकार को दिया गया समय अब समाप्त हो चुका है। अब भाजपा कार्यकर्ता लगातार चार दिनों तक छात्रों के समर्थन में आंदोलन करेंगे। प्रतिदिन छह जिलों में प्रदर्शन और कार्यालय घेराव होगा।
उन्होंने बताया कि 8 सितंबर को रांची, दुमका, हजारीबाग, गिरिडीह, जमशेदपुर और गढ़वा में, 9 सितंबर कोडरमा, साहिबगंज, बोकारो, पलामू, सिमडेगा और चाईबासा में आंदोलन होगा। वहीं 10 सितंबर को सरायकेला, पाकुड़, धनबाद, गुमला, लातेहार और चतरा तथा 11 सितंबर को रामगढ़, देवघर, लोहरदगा, खूंटी, गोड्डा और जामताड़ा में प्रदर्शन किया जाएगा।
आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर मुकदमे दर्ज किए गए और कई जगहों पर उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने सवाल उठाया कि छात्रों के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हुई। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा छात्रों के घरों पर रात में पहुंचकर भय का माहौल बनाया जा रहा है और कोचिंग संचालकों को भी डराया जा रहा है।
उन्होंने राज्य सरकार पर भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं को लेकर भी निशाना साधते हुए कहा कि सरकार मुकदमों के जरिए छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश न करे। भाजपा छात्रों के न्याय की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है। सरकार तत्काल मुकदमे वापस ले और भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई जांच की अनुशंसा करे।
प्रेसवार्ता में प्रदेश प्रवक्ता रामाकांत महतो, दीनदयाल बरनवाल, रवि नाथ किशोर और मीडिया सह प्रभारी अजय राय मौजूद थे।



