बेला प्रसाद के महाराष्ट्र प्रभारी बनाए जाने पर कांग्रेस भवन में हुआ अभिनंदन एवं विदाई समारोह

रांची :अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी द्वारा झारखंड कांग्रेस के सह प्रभारी श्री बेला प्रसाद को महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमिटी का प्रभारी नियुक्त किए जाने पर आज कांग्रेस भवन, रांची में हर्ष एवं उत्साह का माहौल रहा। प्रदेश कांग्रेसजनों ने बेला प्रसाद का अभिनंदन करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उनका विदाई समारोह भी आयोजित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि बेला प्रसाद का झारखंड के सह प्रभारी के रूप में कार्यकाल संगठन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उनके दीर्घ संगठनात्मक अनुभव, कुशल रणनीति, कार्यकर्ताओं से आत्मीय संवाद और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की क्षमता ने झारखंड कांग्रेस को काफी लाभ पहुंचाया है।
श्री कमलेश ने कहा कि श्री बेला प्रसाद ने संगठन के हर स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद कायम रखा और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना। पार्टी के कार्यक्रमों को बूथ और पंचायत स्तर तक पहुंचाने तथा संगठन में समन्वय स्थापित करने में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में जिम्मेदारियां बदलती रहती हैं, लेकिन कार्यकर्ताओं के बीच बने रिश्ते कभी नहीं बदलते। श्री बेला प्रसाद झारखंड से महाराष्ट्र की बड़ी जिम्मेदारी के लिए जरूर जा रहे हैं, लेकिन झारखंड कांग्रेस परिवार के साथ उनका आत्मीय संबंध हमेशा बना रहेगा। महाराष्ट्र जैसे महत्वपूर्ण राज्य की जिम्मेदारी उन्हें मिलना उनके संगठनात्मक अनुभव और पार्टी के प्रति समर्पण का सम्मान है।
इस अवसर पर बेला प्रसाद ने कहा कि झारखंड में सह प्रभारी के रूप में कार्य करने का अनुभव उनके लिए हमेशा विशेष और यादगार रहेगा। झारखंड कांग्रेस के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से उन्हें जो स्नेह, सम्मान और सहयोग मिला, उसके लिए उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने उन्हें महाराष्ट्र की जिम्मेदारी सौंपी है और वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि झारखंड से उनका रिश्ता केवल संगठनात्मक जिम्मेदारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ उनका भावनात्मक जुड़ाव है, जो आगे भी कायम रहेगा।
समारोह के दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने श्री बेला प्रसाद को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और महाराष्ट्र की नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। विदाई के दौरान कांग्रेस भवन का माहौल भावुक भी रहा और कार्यकर्ताओं में नई जिम्मेदारी को लेकर उत्साह भी देखने को मिला।
इस अवसर परझारखण्ड कांग्रेस क़े सह प्रभारी भूपेंद्र मराबी विधायक दल के उप नेता राजेश कश्यप ,विधायक सुरेश बैठा,ममता देवी , राकेश सिन्हा, सतीश पॉल मुंजनी, बिनय सिन्हा दीपू, सुरेन्दर सिंह,राजेश गुप्ता छोटू, राजीव रंजन प्रसाद,कुमार राजा,रामा खलखो निरंजन पासवान, राकेश किरण महतो , सोनल शांति, उज्जल तिवारी,राजन बर्मा, कामेश्वर गिरी बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *