प्रदेश लोजपा कार्यालय में मना चिराग पासवान का 44वां जन्मदिन, जनार्दन पासवान ने काटा केक

गणादेश,रांची: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का 44वां जन्मदिन शनिवार को रांची स्थित प्रदेश लोजपा कार्यालय में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह चतरा विधायक जनार्दन पासवान और प्रदेश प्रधान महासचिव आलोक रंजन सिंह ने संयुक्त रूप से केक काटकर जन्मदिन की खुशियां मनाईं। कार्यक्रम में पार्टी के बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने चिराग पासवान की लंबी उम्र और बेहतर स्वास्थ्य की कामना की।
मौके पर प्रदेश अध्यक्ष जनार्दन पासवान ने कहा कि चिराग पासवान के जन्मदिन को लेकर पूरे झारखंड में पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश की नई कमेटी का गठन कर लिया गया है। छठ पूजा के बाद इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग पार्टी से जुड़ने के इच्छुक हैं। कई प्रमुख हस्तियों के भी पार्टी में शामिल होने की चर्चा है। अगले महीने तक इस प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा।
वहीं, प्रधान महासचिव आलोक रंजन सिंह ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य झारखंड में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना है। इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को उचित मान-सम्मान और जिम्मेदारी दी जाएगी। आने वाले दिनों में पार्टी राज्यभर में कई कार्यक्रम आयोजित करेगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल प्रदेश कार्यालय प्रदेश अध्यक्ष के विधानसभा आवास से संचालित हो रहा है, लेकिन जल्द ही पार्टी का अपना कार्यालय होगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का भी झारखंड दौरा प्रस्तावित है।
इस अवसर पर पार्टी की ओर से गरीबों और जरूरतमंदों के बीच कपड़े एवं फलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में महिला मोर्चा की मनीषा सिंह, दिनेश सोनी, संजीत कुमार समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *