पलामू में विधायक आवास के पास मर्डर,जांच में जुटी पुलिस

रांची : झारखंड के पलामू जिले में बुधवार की रात बाइक सवार अपराधियों ने 32 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के पलामू टाउन इलाके में रात करीब नौ बजे हुई। मृतक की पहचान शिवशक्ति नगर निवासी ओम प्रकाश सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, ओम प्रकाश सिंह अपनी कार से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सड़क किनारे कार रोकी और मोबाइल फोन पर किसी से बातचीत करने लगे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर पहुंचे हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हमलावरों ने दो गोलियां चलाईं। गोली लगने के बाद ओम प्रकाश सिंह जान बचाने के लिए कार का दरवाजा खोलकर बाहर निकलने का प्रयास कर रहे थे, तभी उन्हें निशाना बनाया गया।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल ओम प्रकाश सिंह को अस्पताल ले गए। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद हुसैनाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि हमलावरों की पहचान करने और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है। हत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *