पद नहीं, संगठन और विचारधारा सर्वोपरि : कर्मवीर सिंह

रांची : भाजपा प्रदेश कार्यालय, रांची में भाजपा ओबीसी मोर्चा, झारखंड प्रदेश के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष  मनोज वाजपेयी महतो का पदभार ग्रहण सह अभिनंदन समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रदेश कार्यालय में विधिवत पूजा-अर्चना एवं महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके पश्चात मनोज वाजपेयी महतो ने विधिवत रूप से ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण के उपरांत उन्होंने अरगोड़ा हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

उसके बाद प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश मंत्री अमरदीप यादव ने ढोल-नगाड़ों और पुष्पगुच्छ भेंट कर सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने मनोज वाजपेयी महतो को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा से जुटें तथा पूर्व में जो कार्य छूट गए हैं, उन्हें आगे बढ़ाएं।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को पद की लालसा के बिना संगठन के लिए कार्य करना चाहिए। संगठन में सभी को पद मिलना संभव नहीं है, लेकिन हर कार्यकर्ता संगठन के लिए महत्वपूर्ण है और उसकी भूमिका अहम है। भाजपा के कार्यकर्ताओं के लिए पद नहीं, संगठन और विचारधारा सर्वोपरि होनी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा, संगठन और सामाजिक न्याय के संकल्प के साथ पिछड़ा समाज के हित में कार्य करने का आह्वान किया।

मौके पर प्रदेश मंत्री अमरदीप यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछड़ा समाज के सम्मान, अधिकार, प्रतिनिधित्व और अवसरों को मजबूत करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग (NCBC) को संवैधानिक दर्जा मिलना सामाजिक न्याय के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम है। केंद्र सरकार की नौकरियों तथा केंद्रीय शिक्षण संस्थानों में OBC के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण लागू है। वहीं NEET में भी OBC के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण लागू किया गया। उन्होंने कहा कि झारखंड में पंचायत चुनावों में ओबीसी आरक्षण सुनिश्चित कराने की दिशा में भी मजबूती से प्रयास करना होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में झारखंड में भाजपा की सरकार बनेगी।

नवनियुक्त ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष मनोज वाजपेयी महतो ने सभी वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन के सहयोग और मार्गदर्शन से ओबीसी मोर्चा को और अधिक मजबूत करने का प्रयास करेंगे।

उन्होंने कहा कि वे आजीवन भाजपा में कार्य करने के लिए संकल्पित हैं और उनके लिए पार्टी की विचारधारा सर्वोपरि है। संगठन की मजबूती, पिछड़े समाज के अधिकारों की रक्षा तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा।

कार्यक्रम का मंच संचालन ईश्वरचंद्र प्रजापति ने किया। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का परिचय हलधर नारायण शाह ने कराया तथा धन्यवाद ज्ञापन हेमंत केशरी ने किया।

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, प्रवक्ता रामाकांत महतो, समरी लाल, गंगोत्री कुजूर,  परमेश्वर चौधरी, सोनू ठाकुर, छोटेलाल यादव, सुधीर यादव, धीरज महतो, प्रकाश साहू, अशोक साहू, उमेश रंजन साहू, अमित अग्रवाल, धर्मेंद्र प्रसाद, मुखलाल मेहता,  संतोष गोप, नरेश साहू सहित प्रदेश के विभिन्न पदाधिकारी एवं सभी जिलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *