ग्रामीण भारत महोत्सव का आगाज, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने किया उद्घाटन
रांची : नाबार्ड, झारखंड क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से आयोजित ग्रामीण भारत महोत्सव झारखंड 2026 का शुक्रवार को रेडिसन ब्लू, रांची में शुभारंभ हुआ। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने महोत्सव का उद्घाटन किया। 11 से 20 सितंबर तक आयोजित इस महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों से आए ग्रामीण कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों के हस्तकरघा, हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है।
उद्घाटन समारोह में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने ग्रामीण विकास और आजीविका संवर्धन के क्षेत्र में नाबार्ड के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण कारीगरों और जीआई टैग प्राप्त उत्पादों को बढ़ावा देने की पहल को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण उत्पादकों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के साथ देश की पारंपरिक कला, शिल्प और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
मंत्री ने कहा कि ग्रामीण विकास का वास्तविक उद्देश्य ग्रामीण समुदायों के लिए स्थायी और अतिरिक्त आय के अवसर पैदा करना है। ऐसे मंचों के माध्यम से कारीगर अपने उत्पाद सीधे ग्राहकों तक पहुंचा सकते हैं और उन्हें बेहतर मूल्य मिल सकता है। उन्होंने पारंपरिक कौशल को बड़े बाजारों से जोड़ने तथा उत्पादों की गुणवत्ता और प्रामाणिकता बनाए रखने पर जोर दिया।
नाबार्ड झारखंड की मुख्य महाप्रबंधक दीपमाला घोष ने कहा कि महोत्सव ग्रामीण उत्पादकों को मजबूत बाजार संपर्क उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। वहीं रेडिसन ब्लू की कार्यकारी निदेशक नंदिनी गुप्ता ने भी आयोजन का स्वागत किया। महोत्सव में विभिन्न राज्यों के कारीगरों के स्टॉल लगाए गए हैं, जहां आगंतुक सीधे उत्पाद खरीद सकते हैं।
‘हुनर से समृद्धि तक’ की भावना के साथ यह महोत्सव ग्रामीण उत्पादों को बाजार और उपभोक्ताओं से जोड़ने का प्रयास है।


