एफजेसीसीआई चुनाव : 21 कार्यकारिणी सदस्यों और तीन क्षेत्रीय उपाध्यक्षों के लिए मतदान आज

रांचीः फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (एफजेसीसीआई) के सत्र 2026-27 के चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चुनाव के तहत 21 कार्यकारिणी सदस्यों और तीन प्रमंडलीय क्षेत्रीय उपाध्यक्षों के निर्वाचन के लिए रविवार, 13 सितंबर को मतदान होगा। मतदान हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन में सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक चलेगा।
चुनाव को लेकर मतदाताओं और प्रत्याशियों में खासा उत्साह है। मतदान समाप्त होने के बाद मतों की गिनती शुरू की जाएगी और इसके बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव मैदान में तीन टीमों के प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें टीम तुलसी पटेल, टीम मुकेश अग्रवाल और पी-21 शामिल हैं।
चुनाव में चेंबर के करीब 4200 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। अध्यक्ष सहित 21 कार्यकारिणी सदस्यों के चुनाव को लेकर पिछले कई दिनों से प्रत्याशियों ने जोरदार प्रचार अभियान चलाया। शुक्रवार देर शाम प्रचार अभियान समाप्त होने के बाद अब सभी की निगाहें मतदान और परिणाम पर टिकी हैं।
चुनाव को लेकर मारवाड़ी भवन में मतदान की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। मतदान के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। चुनाव परिणाम सामने आने के बाद एफजेसीसीआई के नए सत्र की कार्यकारिणी का स्वरूप स्पष्ट हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *