इंजीनियर ऐसी संरचनाएं बनाएं, जिसकी राष्ट्रीय स्तर पर हो चर्चा : दीपिका पांडेय सिंह
रांची : झारखंड अभियंत्रण सेवा संघ की ओर से सोमवार को रांची में 59वें इंजीनियर्स डे एवं भारत रत्न मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की 165वीं जयंती के अवसर पर समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल हुईं। उन्होंने महान अभियंता एम. विश्वेश्वरैया को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को अतुलनीय बताया।
मंत्री ने कहा कि इंजीनियर किसी भी राज्य के विकास की आधारशिला होते हैं। झारखंड में ऐसी संरचनाओं का निर्माण होना चाहिए, जो मजबूत, टिकाऊ और जनता के लिए उपयोगी हों। निर्माण कार्य इस सोच और गुणवत्ता के साथ किया जाए कि उसकी चर्चा 100 वर्ष बाद भी हो। उन्होंने कहा कि झारखंड प्राकृतिक आपदाओं के लिहाज से अपेक्षाकृत सुरक्षित राज्य है। ऐसे में यहां बनने वाली संरचनाओं की गुणवत्ता और दीर्घकालिक उपयोगिता पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
उन्होंने अभियंताओं से अनुशासन, गुणवत्ता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। कहा कि विकास योजनाएं निर्धारित समय सीमा में पूरी हों और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। डीपीआर में बार-बार संशोधन की स्थिति से बचने के लिए योजना तैयार करने के दौरान ही सभी तकनीकी पहलुओं का गंभीरता से अध्ययन किया जाना चाहिए।
दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि झारखंड अभियंत्रण सेवा संघ की मांगें जायज हैं। वाहन की आवश्यकता हो या तकनीकी प्रशिक्षण से जुड़े विषय, सरकार के स्तर पर इनके समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि झारखंड के इंजीनियरों में प्रतिभा और तकनीकी क्षमता की कोई कमी नहीं है। उनके अनुभव और दक्षता का बेहतर उपयोग कर राज्य में ऐसी विशिष्ट संरचनाएं विकसित की जानी चाहिए, जिसकी चर्चा राष्ट्रीय स्तर पर हो और जिन्हें देखने देशभर से लोग झारखंड आएं।
उन्होंने कहा कि विश्वेश्वरैया की कार्य संस्कृति, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और राष्ट्र निर्माण की भावना से प्रेरणा लेकर झारखंड के विकास को नई दिशा दी जा सकती है। समारोह में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अभियंताओं एवं तकनीकी कर्मियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मंत्री योगेंद्र प्रसाद, मंत्री हफीजुल हसन, विभागीय सचिव, JESA के पदाधिकारी समेत बड़ी संख्या में अभियंता मौजूद थे।


