चतरा में पुरुषों पर भारी पड़ी नारी शक्ति,खुल कर किया मतदान

चेतन पाण्डेय
चतरा (गणादेश) : लोकतंत्र का सबसे बड़ा महापर्व लोकसभा चुनाव को लेकर महिलाओं में विशेष उल्लास दिखा। सोमवार को देश में पांचवें एवं झारखंड के दूसरे चरण के मतदान के दौरान महिलाओं की भागीदारी अच्छी दिखी। आज चतरा, हजारीबाग और कोडरमा में वोट डाले जा रहे हैं। चतरा लोकसभा में दोपहर तीन बजे तक मतदान 58 प्रतिशत रहा। महिलाएं घर की देहरी लांघकर मतदान केंद्र तक पहुंची और कतारबद्ध होकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कई स्थानों में महिलाएं छोटे बच्चो को गोद में लेकर बूथ तक पहुंची थी। उमस और गर्मी भरे माहौल में मतदाता सुबह 6.30 बजे से ही मतदान केंद्रों में वोटिंग के लिए कतार में लगने लगे थे।पहले मतदान फिर जलपान का अनुशरण कर महिलाएं मतदान के लिए तत्पर दिखीं। मतदान को लेकर युवतियों व बुजूर्ग महिलाओं में भी उत्साह दिखा। सिमरिया और चतरा विधानसभा के कई मतदान केंद्रों में लाठी के सहारे वृद्ध मतदाता पहुंचे। पहली बार मतदाता बनी युवतियों में भी वोट करने को लेकर खासा उत्साह देखा गया। नई नवेली दुल्हनें घूंघट की ओट में लाईन में खड़ी मतदान के लिए अपनी बारी की प्रतीक्षा कर रही थी। उमेश भरी गर्मी और चिलचिलाती धूप के बावजूद पत्थलगडा के मतदान केंद्र में बच्चे गोद में लिए क‌ई महिलाएं अपनी बारी का इंतजार करते दिखीं। मतदान के लिए निर्धारित पहचान पत्र के साथ दोपहर तक महिलाओं ने जमकर मतदान किया। कई बुजुर्ग मतदाता बुजुर्ग मतदाता लाठी टेकते हुए मतदान के लिए पहुंचे। तो कई को ट्राई साइकिल के द्वारा लाया गया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजधज कर महिलाएं अपनी पसंद के प्रत्याशी के पक्ष में चिलचिलाती धूप की परवाह न करते हुए बूथों पर पंक्तिबद्ध थी। मतदान को लेकर अल्पसंख्यक समुदाय के महिलाओं में भी भारी उत्साह दिखा सिमरिया विधानसभा क्षेत्र के सिंघानी, नावाडीह और बरवाडीह बूथ में उनकी दमदार उपस्थिति दिखी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *