झामुमो जिला अध्यक्ष जुबेर अहमद का जिले के जेएमएम कार्यकर्ता क्यों कर रहे विरोध…
खूंटी: झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष जुबेर अहमद के खिलाफ सैकड़ों झामुमो कार्यकर्ता गोलबंद हो गए हैं। ये सभी रांची में सीएम हेमंत सोरेन से मिलने पहुंचे और जिला अध्यक्ष पद से हटाने की मांग किया है। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने कहा कि खूंटी को जुबेर अहमद नहीं चाहिए। वहां पर जिला अध्यक्ष की कमान किसी आदिवासी को दिया जाना चाहिए। रांची पहुंचे खूंटी जिले के कई पहड़ा समिति के लोग और कई सामाजिक संगठन के लोगों ने एक स्वर से जिला अध्यक्ष के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। झामुमो कार्यकर्ताओं ने कहा कि 2007से लगातार जुबेर अहमद जिला अध्यक्ष हैं। विधानसभा चुनाव के समय में ही हम लोगों ने जिला अध्यक्ष को बदलने की मांग की थी। हमलोगों ने गांडेय विधायक कल्पना सोरेन को इस संबंध में जानकारी दिया था। उन्होंने चुनाव के बाद बदलने का आश्वासन दिया था। लेकिन चुनाव बीतने के बाद भी जुबेर अहमद को हटाया नहीं गया। उन्हें फिर से जिला अध्यक्ष बना दिया गया।इससे खूंटी झामुमो के कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। जल्द ही नहीं बदला गया तो चक्का जाम किया जायेगा। सभी प्रखंड में मानव श्रृंखला करेंगे।कार्यकर्ताओं ने अधिवेशन के पहले जिला अध्यक्ष को बदलने की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे झामुमो कार्यकर्ताओं से जब सवाल किया गया कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव में वहां पर झामुमो बेहतर प्रदर्शन किया है। जिले में दो दो विधायक झामुमो को दिया है तो इसपर कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह चुनाव हेमंत दादा के फेस पर लड़ा गया और जनता ने उनको देखकर वोट किया है, प्रत्याशी को नहीं, हम लोगों ने झामुमो को जिताया है।
वहीं पार्टी के केंद्रीय महासचिव बिनोद पाण्डेय ने कहा कि खूंटी जिले में जो कमेटी बनी है उसके खिलाफ कुछ शिकायतें है उसे कार्यकारी अध्यक्ष के पास रखा जायेगा। जो भी शिकायत है उसका निराकरण किया जायेगा।

