जहां सौदा होना था गोलियों का, वहां व्यापारी बन कर पहुंची पुलिस, दो अंतराज्यीय अपराधी गिरफ्तार,एके-47 की 393 गोलियां बरामद, मुख्य सरगना की तलाश जारी

चतरा (गणादेश) : पुलिस ने रविवार की शाम हंटरगंज थाना क्षेत्र के कोसमाता लेजनवा रोड पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतर्राज्यीय अपराधियों को धर दबोचा। इस दौरान पुलिस ने एके-47 राइफल की 393 जिंदा गोलियां, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया। पकड़े गए अपराधियों में एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल ने प्रेस वार्ता में बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक मोटरसाइकिल से हथियारों की सप्लाई करने वाले हैं। इसके बाद सदर एसडीपीओ संदीप सुमन के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। टीम ने रणनीति अपनाते हुए व्यापारी का रूप धारण किया और मौके पर पहुंचते ही अपराधियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।पकड़े गए अपराधियों में गया जिले के कुठीलवा गांव निवासी रोशन कुमार, पिता महेंद्र पासवान और एक नाबालिग शामिल हैं। रोशन कुमार लंबे समय से हथियारों के अवैध कारोबार में सक्रिय बताया जा रहा है। पुलिस ने उनके पास से भारी मात्रा में गोलियां और हथियार बरामद किए हैं।

बड़े नेटवर्क से जुड़ा मामला

एसपी अग्रवाल ने बताया कि यह गिरफ्तारी एक बड़े हथियार नेटवर्क से जुड़ी है। इस नेटवर्क का मुख्य सरगना अभी फरार है और उसकी पकड़ के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इस कार्रवाई में एसडीपीओ संदीप सुमन, पुलिस उपाधीक्षक वसीम रजा, थाना प्रभारी प्रभात कुमार, एएसआई पुर्षोत्तम अग्निहोत्री, वीर बहादुर और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *