खून देकर वेडआरएनएम केयर फाउंडेशन ने मनाई नेताजी जयंती

बोकारो । ‘तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा’ नारे के प्रवर्तक स्वाधीनता संग्राम के महान क्रांति पुरोधा नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती पर शुक्रवार को वेडआरएनएम केयर फाउंडेशन ने ओएनजीसी, बोकारो के सहयोग से एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया। बोकारो सदर अस्पताल के ब्लड बैंक में आयोजित इस शिविर में समाज के हर तबके के लोग शामिल हुए और कुल 45 लोगों ने रक्तदान कर मानवता की सेवा में मिसाल पेश की। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिले की उपविकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने फाउंडेशन के इस कार्य की सराहना करते हुए मानवता की सेवा में इसे अनुकरणीय एवं पुण्यतम कार्य बताया। कहा कि रक्त का एक-एक कतरा जरूरतमंदों की खोई जिंदगी लौटाने में किसी वरदान से कम नहीं। खास तौर से नेताजी जयंती जैसे अवसर पर इस प्रकार का आयोजन अपने-आप में अद्वितीय है। उन्होंने फाउंडेशन के सामाजिक उत्थान के कार्यों में अपनी ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। विशिष्ट अतिथि सिटी डीएसपी आलोक रंजन ने भी संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए इस तरह के आयोजन को समाज के लिए हितकारी कदम बताया। इस दौरान शिविर के सहयोगी संगठन ओएनजीसी, बोकारो की ओर से उपस्थित डॉ. शशांक ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए इस प्रकार के सामाजिक कार्यों में कंपनी के निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत आगे भी सहयोग करने का भरोसा दिलाया। मौके पर सदर अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. निकेत चौधरी, डॉ. पिंकी पाल, ओएनजीसी से रामलखन चतुर्वेदी सहित अन्य कई लोग मौजूद रहे। शिविर की सफलता में ब्लड बैंक के तकनीशियन धनंजय कुमार, खुशी, रेणु, संजय बाउरी आदि की अहम भूमिका रही। इसके पूर्व, शिविर के आरंभ में वेडआरएनएम केयर फाउंडेशन बोकारो की निदेशक निभा चौधरी ने संगठन की ओर से आनेवाले समय में स्वास्थ्य, पर्यावरण और विशेष रूप से ऑटिस्टिक रोगियों और एनीमिया, थैलेसीमिया आदि के मरीजों के लिए इस तरह की सामाजिक गतिविधियों को जारी रखने की कटिबद्धता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *