मतदाता स्वयं ऑनलाइन गणना प्रपत्र डाउनलोड कर बीएलओ को सौंप सकते हैं

भागलपुर। भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं के लिए गणना प्रपत्र (Enumeration Form) भरने की प्रक्रिया को आसान बनाते हुए एक नई ऑनलाइन सुविधा शुरू की है। अब मतदाता स्वयं ऑनलाइन अपना आंशिक रूप से भरा हुआ गणना प्रपत्र डाउनलोड कर सकते हैं और शेष जानकारी भरकर अपने बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) को जमा कर सकते हैं।

इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए मतदाता voters.eci.gov.in पोर्टल पर जाकर Enumeration Form (Bihar) – Download Partially-Filled Form विकल्प पर क्लिक करें। वहां EPIC नंबर और उससे जुड़ा मोबाइल नंबर दर्ज करें, कैप्चा भरें और OTP सत्यापन के बाद गणना प्रपत्र हिंदी में डाउनलोड करें। प्रपत्र में EPIC नंबर पहले से भरा रहेगा। मतदाता को बाकी विवरण भरकर हस्ताक्षर करना होगा तथा स्व-प्रमाणित करना होगा।

प्रमाण-पत्र संलग्न करने संबंधी निर्देश:

जिनका जन्म 1 जुलाई 1987 से पहले हुआ है, उन्हें जन्म तिथि/जन्म स्थान का प्रमाण देना अनिवार्य है।
जिनका जन्म 1 जुलाई 1987 से 2 दिसंबर 2004 के बीच हुआ है, उन्हें स्वयं या माता-पिता में से किसी एक का जन्म प्रमाण पत्र देना होगा।
जिनका जन्म 2 दिसंबर 2004 के बाद हुआ है, उन्हें स्वयं तथा माता-पिता दोनों के जन्म स्थान से संबंधित प्रमाण पत्र संलग्न करने होंगे।
विदेश में रहने वाले नागरिकों को वीजा कार्ड और पासपोर्ट की स्व-प्रमाणित प्रति देनी होगी।
निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, बीएलओ मतदाताओं के घर जाकर भरे हुए गणना प्रपत्रों का संग्रह कर रहे हैं। मतदाताओं से अपील की गई है कि वे समय पर आवश्यक दस्तावेज़ तैयार रखें और इस प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *