भागलपुर में बेकाबू कार का कहर: नशे में धुत ड्राइवर ने दो साइकिल सवारों को रौंदा, घंटों देर से पहुंची पुलिस पर फूटा आक्रोश
भागलपुर। जिले के गंगा पार स्थित नवगछिया थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव स्थित काली मंदिर के पास गुरुवार सुबह अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार कार ने साइकिल से घर लौट रहे दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार का चालक नशे में था और नियंत्रण खो बैठा। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही दोनों की मौत हो गई।
मारे गए लोगों की पहचान इस्माइलपुर के मुस्लिम टोला लक्ष्मीपुर निवासी मछली विक्रेता मो. शकील अली और दिलीप यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद ग्रामीण सदमे और गुस्से में सड़क पर उतर आए। बताया गया कि सुबह सात बजे हादसा हुआ, लेकिन सूचना के बावजूद पुलिस लगभग तीन घंटे बाद मौके पर पहुंची। इसी देरी ने लोगों के गुस्से को और भड़का दिया।
ग्रामीणों ने शव को अस्पताल से बाहर निकालकर सड़क पर रख दिया और जमकर नारेबाजी की। भीड़ ने कार मालिक के रूप में ऋतिक पोद्दार का नाम बताया और दावा किया कि उसका ड्राइवर पूरी तरह शराब के नशे में था। मौके से भागने की कोशिश करते हुए ड्राइवर को लोगों ने देखा भी, लेकिन वह फरार हो गया।
थानाध्यक्ष विश्वबंधु कुमार ने देरी के सवाल पर सफाई देते हुए कहा कि सूचना के बाद चौकीदार को भेज दिया गया था और वे खुद ट्रैफिक व्यवस्था में व्यस्त थे। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है, वहीं ग्रामीण ड्राइवर की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



