भागलपुर: तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चियों की मौत

भागलपुर। जिले के नाथनगर प्रखंड स्थित किशनपुर बाइपास स्थित एक तालाब में सोमवार को दो मासूम बच्चियों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मृत बच्चियों की पहचान किशनपुर निवासी प्रमोद यादव की 13 वर्षीय पुत्री सोनाली कुमारी और सुग्रीव यादव की 12 वर्षीय पुत्री निशा कुमारी के रूप में की गई है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दोनों बच्चियां गांव के पास तालाब किनारे बकरी चरा रही थीं। इसी दौरान एक बकरी तालाब के अंदर चली गई। बकरी को बाहर निकालने की कोशिश में सोनाली का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। सोनाली को डूबता देख निशा ने तुरंत तालाब में कूदकर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तालाब की गहराई अधिक होने के कारण दोनों ही बच्चियों की मौके पर डूबकर मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आसपास के ग्रामीण भी घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को तालाब से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उधर इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *