प्रोजेक्ट भवन में अबुआ दिशोम बजट 2026-27 के लिए दो दिवसीय बजट पूर्व गोष्ठी का आयोजन

रांची : प्रोजेक्ट भवन में गुरुवार को अबुआ दिशोम बजट 2026-27 के लिए दो दिवसीय बजट पूर्व गोष्ठी का आयोजन शुरू हुआ। वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि यह बजट राज्य के लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि झारखंड अपने गठन के 25 वर्ष पूर्ण कर रजत जयंती वर्ष में प्रवेश कर चुका है। सरकार इस अवसर पर एक मजबूत, संतुलित और जनहितकारी बजट प्रस्तुत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि बजट को अधिक प्रभावी और व्यावहारिक बनाने के लिए विशेषज्ञों, विभिन्न विभागों और हितधारकों से सुझाव लिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की सोच के अनुरूप इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता और स्वास्थ्य क्षेत्र को प्राथमिकता मिलेगी। उन्होंने कहा कि बजट की सफलता कंसल्टेशन, सजेशन और इम्प्लीमेंटेशन पर निर्भर करती है।
गोष्ठी में सिंचाई, जल संरक्षण, चेक डैम, वर्षा जल संचयन और वन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की बुनियादी सुविधाओं पर सुझाव आए। नगर विकास एवं पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार ने पर्यटन को रोजगार सृजन का माध्यम बताया। कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने “मड़ुवा क्रांति” सहित नवाचारी योजनाओं की जानकारी दी। जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन ने सिंचाई को राज्य की बड़ी जरूरत बताते हुए छोटे तालाबों और माइनर इरीगेशन पर जोर दिया।
गोष्ठी में विभिन्न विभागों के सचिवों और विशेषज्ञों ने कृषि, आजीविका, पर्यावरण और हरित निवेश पर विचार रखे। इसके माध्यम से बजट को अधिक जनोन्मुखी और विकासोन्मुख बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण सुझाव सामने आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *