गोड्डा की जनता इसबार एनडीए प्रत्याशी निशिकांत दूबे को गंगा पार कराएगी: प्रदीप यादव
गोड्डा: गोड्डा लोकसभा चुनाव प्रचार के अंतिम दिन गुरुवार को इंडी गठबंधन प्रत्याशी प्रदीप यादव ने शहर में रोड शो किया और अपने पक्ष में वोट की अपील की। उनके साथ सैकड़ों की संख्या में इंडी गठबंधन के नेता और कार्यकर्ता साथ चल रहे थे। इस दौरान कई जगहों पर प्रदीप यादव ने लोगों को संबोधित भी किया। संबोधन के दौरान थोड़ी देर के लिए मुख्य मार्ग में यातायात प्रभावित हुआ। लोगों को संबोधित करते हुए प्रदीप यादव ने कहा कि पूरे देश में भाजपा के खिलाफ लहर चल रही है। गोड्डा के सभी वर्गों के लोगों ने इस बार इंडिया को समर्थन करने का फैसला लिया है। गोड्डा के माटी के लाल को समर्थन करने का फैसला लिया है। लगातार तीस वर्षों तक जिसने गोड्डा की सेवा की है उसको समर्थन करने का मन बनाया है।
उन्होंने कहा कि जिसने 15 वर्षों तक हमें धोखा दिया है। जिसने वोट लेकर एक रात भी गोड्डा में नहीं बिताया है उसे इस बार गंगा पार करेंगे,यह गोड्डा के लोगों ने मन बनाया है। विधायक ने कहा कि मैं आपके बीच हमेशा रहने वाला नेता हूं,जबकि एनडीए प्रत्याशी कभी कभी आपके शहर में दिखते हैं। ऐसे नेता को चुनने से गोड्डा की जनता को कोई लाभ होने वाला नहीं है। उन्होंने कहा गोड्डा में रेल लाइन अदानी को लाभ पहुंचाने के लिए किया गया। जनता इस बार ऐसे नेता को सबक सिखाने का काम करेगी।

