रांची के जिला स्कूल मैदान में देवलोक का नजारा, श्री रामलला पूजा समिति का भव्य पंडाल श्रद्धालुओं के लिए खुला
गणादेश,रांची : राजधानी रांची में दुर्गोत्सव की रौनक चरम पर है। गुरुवार की शाम कई पूजा पंडालों का पट्ट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। इस दौरान जिला स्कूल मैदान परिसर में श्री रामलला पूजा समिति का भव्य पंडाल सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र बना रहा। पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद पट्ट खोला गया, जिसके बाद श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

इस बार समिति ने पंडाल को खास अंदाज में सजाया है। यहां श्रद्धालुओं को देवलोक का सजीव अनुभव मिल रहा है। मां अम्बे अपने दिव्य स्वरूप में विराजमान हैं और पंडाल का डिज़ाइन गुजरात के भुज स्थित स्वामीनारायण मंदिर पर आधारित है। पंडाल की भव्यता ऐसी है कि यहां कदम रखते ही भक्त मंत्रमुग्ध हो जा रहे हैं।
पूजा समिति के कोषाध्यक्ष चंद्र प्रकाश धेलिया ने बताया कि जैसे ही पट्ट खोला गया, श्रद्धालुओं का तांता लग गया। लोग दूर-दराज़ से माता रानी का दर्शन करने और पंडाल की अद्भुत सजावट देखने आ रहे हैं।
इधर बूटी मोड़ का पूजा पंडाल भी गुरुवार को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। वहीं राजधानी के विभिन्न इलाकों में पूजा की उमंग देखने लायक है। सड़कों और पंडालों में भक्तों की भीड़, मां के दरबार में माथा टेकते लोगों का उत्साह, शहर को पूरी तरह उत्सवमय बना रहा है।
इस बार श्री रामलला पूजा समिति की अनूठी भव्यता और धार्मिक आभा न सिर्फ रांचीवासियों को आकर्षित कर रही है, बल्कि यह दुर्गोत्सव हर किसी के लिए यादगार साबित हो रहा है।



