वैकल्पिक खेती से जोड़ने को लेकर विशेष ग्रामसभा का आयोजन
खूंटी: उपायुक्त लोकेश मिश्रा के निर्देश पर अफीम मुक्त खूंटी अभियान के तहत अवैध अफीम विनष्टीकरण एवं किसानों को वैकल्पिक खेती की ओर प्रोत्साहित करने हेतु जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में गुरुवार को विशेष ग्रामसभा का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, मुखिया, रोजगार सेवक, पंचायत सचिव, स्थानीय प्रखंड/ पंचायत प्रतिनिधि एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
ग्रामसभा में किसानों को वैकल्पिक खेती, सिंचाई, मत्स्य पालन, पशुपालन एवं अन्य कृषि संबंधी विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही, उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को समझने के लिए विस्तार से चर्चा की गई, जिसके आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार किया गया।
बैठक में उपस्थित प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा उन्हें वैकल्पिक फसलों की ओर प्रेरित किया। उल्लेखनीय है कि ग्रामसभा के माध्यम से स्थानीय किसानों द्वारा प्राप्त सुझावों, क्षेत्र अनुसार खेती एवं लिए गए निर्णय के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा आगामी कार्ययोजना तैयार कर किसानों को वैकल्पिक खेती से जोड़ा जाएगा, जिससे वह खेती कर अच्छा मुनाफा कमा सके। जिला प्रशासन ऐसे किसानों को पूरी तरह से सहयोग करेगा।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने किसानों से अपील की कि वे अवैध अफीम की खेती छोड़कर लाभकारी वैकल्पिक कृषि मॉडल अपनाएं, जिससे उनकी आजीविका को सशक्त बनाया जा सके।

