जेपीएससी परीक्षा में खूंटी की रूपम सोनाली ने हासिल किया 268वां रैंक, जिले का बढ़ाया मान

खूंटी: खूंटी जिले की बेटी रूपम सोनाली ने झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की प्रतिष्ठित परीक्षा 2023 में 268वीं रैंक प्राप्त कर पूरे जिले को गौरवान्वित किया है। रूपम की इस सफलता से न केवल उनके परिवार में हर्ष का माहौल है, बल्कि खूंटी जिले में भी खुशी की लहर दौड़ गई है।

रूपम की प्रारंभिक शिक्षा खूंटी में ही हुई, इसके बाद उन्होंने उच्च शिक्षा रांची से पूरी की। उन्होंने कठिन परिश्रम, समर्पण और निरंतर अभ्यास से इस मुकाम को हासिल किया। उनका यह सफर आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने दृढ़ निश्चय और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य को साधा। रूपम ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और मार्गदर्शकों को दिया, जिन्होंने हर कदम पर उन्हें हौसला और समर्थन प्रदान किया।

रूपम बताती हैं कि वे बचपन से ही प्रशासनिक सेवा में जाने का सपना देखती थीं। उनका उद्देश्य समाज के वंचित, गरीब और पिछड़े वर्गों के लिए कार्य करना है। शिक्षा और महिला सशक्तिकरण को वे अपनी प्राथमिकता मानती हैं और इन क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव लाना चाहती हैं। वे चाहती हैं कि उनके जैसे छोटे कस्बों से आने वाले युवा भी आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें और अपनी मंजिल हासिल करें।

रूपम की इस सफलता ने खूंटी के युवाओं को नई दिशा और प्रेरणा दी है। उन्होंने यह साबित कर दिया कि अगर इरादे मजबूत हों और मेहनत सच्चे दिल से की जाए, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं। उनकी यह उपलब्धि पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मिसाल भी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *