रांची नगर निगम चुनाव : मेयर के लिए भाजपा ने रोशनी खलखो,कांग्रेस ने रामा खलखो और झामुमो ने अंतु तिर्की को दिया समर्थन
रांची: झारखंड में प्रस्तावित नगर निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रणनीति स्पष्ट कर दी है। भले ही नगर निकाय चुनाव औपचारिक रूप से गैर-दलगत आधार पर कराए जा रहे हों, लेकिन भाजपा ने बैकडोर समर्थन के जरिए अपने पसंदीदा उम्मीदवारों को आगे बढ़ाने का फैसला लिया है। पार्टी ने राज्य के विभिन्न नगर निगम और नगर परिषद क्षेत्रों में मेयर पद के लिए समर्थित प्रत्याशियों के नाम तय कर दिए हैं।
रांची नगर निगम में मेयर पद के लिए भाजपा ने रोशनी खलखो के नाम पर मुहर लगाई है। वहीं हजारीबाग नगर निगम से सुदेश चंद्रवंशी, चास नगर निगम से अविनाश कुमार, धनबाद नगर निगम से संजीव अग्रवाल और मधुपुर नगर निगम से नीति कुमारी को पार्टी का समर्थन प्राप्त होगा।
इसके अलावा चक्रधरपुर से डॉ. विजय गागराई, गढ़वा से कंचन जायसवाल, दुमका से अमिता रक्षित, गोड्डा से नारायण मंडल, बुंडू से राजेश उरांव, आदित्यपुर से प्रभाषिणी कलुंडिया और मानगो नगर निगम से संध्या सिंह को मेयर पद के लिए भाजपा समर्थित उम्मीदवार बनाया गया है।
सूत्रों के अनुसार भाजपा संगठन इन प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी समन्वय और रणनीतिक सहयोग करेगा। पार्टी का फोकस शहरी विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता और नागरिक सेवाओं को प्रमुख चुनावी मुद्दों के रूप में सामने रखने पर रहेगा।
नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा की इस रणनीति से शहरी राजनीति में सरगर्मी तेज हो गई है। अब यह देखना अहम होगा कि पार्टी समर्थित उम्मीदवार मतदाताओं का भरोसा कितना हासिल कर पाते हैं।
वहीं झामुमो और कांग्रेस मेयर पद के लिए बेकडोर अपने समर्थित प्रत्याशी को मैदान में उतार दिया है। कांग्रेस में प्रदेश कांग्रेस महिला अध्यक्ष रामा खलखो को मेयर पद के लिए समर्थन करने का फैसला लिया तो झामुमो ने अंतु तिर्की को समर्थन करने का फैसला लिया है।



