खूंटी में भक्ति और उत्साह के साथ मना श्रीराम का जन्मोत्सव,बड़ी संख्या में शोभायात्रा में शामिल हुए रामभक्त
खूंटी: रामनवमी पर्व पूरे जिले में भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। रामभक्तों का सुबह से ही मंदिरों में पूजा अर्चना का दौर शुरू हो गया था। पूरा शहर रामभक्ति में डूबा रहा। राम भक्ति के भजनों से गुंजायमान हुआ। पूरा शहर महावीरी झंडों, पताकाओं और होर्डिंग्स से सजा हुआ नजर आया। चाहे दोपहिया वाहन हो या चारपहिया, हर गाड़ी पर महाबीरी झंडा लहरा रहा था।
वहीं विभिन्न अखाड़ा से रामनवमी शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में रामभक्त शामिल हुए। वहीं शोभायात्रा में शामिल रामभक्तों का स्वागत के लिए जगह जगह स्टॉल लगाए गए थे। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शोभायात्रा अपराह्न ढाई बजे उपर चौक देवीगुड़ी से आरंभ हुई। इसके बाद पूरा शहर रामभक्ति में रंग गया। जय श्रीराम के नारों से गूंजता माहौल, माथे पर पट्टियां, हाथों में बजरंगी झंडा, तलवार, त्रिशूल और लाठी लिए श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।

शोभायात्रा नेताजी चौक से प्रारंभ होकर कर्रा रोड, गजटांड़, डहगुडू होते हुए एनएच-75 से होते हुए मिश्रा टोली, भगत सिंह चौक, डाक बंगला रोड होते हुए डीएवी स्कूल रोड तक पहुंची और अंततः आश्रम मैदान के पास महाबीरी झंडों के विश्राम के साथ इसका समापन हुआ।शोभायात्रा में विभिन्न गांवों की मंडलियों ने भी भाग लिया। भक्त ताशा पार्टी और डीजे की धुन पर झूमते-गाते, जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारे लगाते आगे बढ़ते रहे। ताशों की मधुर ध्वनि और भक्ति भाव से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।युवाओं ने पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र जैसे तलवार और लाठी से अपने कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। तलवारबाजी और लाठी चलाने की कला से शोभायात्रा में एक अलग ही रोमांच देखने को मिला।शोभायात्रा में निकाली गई विभिन्न झांकियों ने लोगों को खासा प्रभावित किया। मिलन क्लब, शिव शक्ति मंडली, श्रीराम सेना, बड़ाइक टोली सहित अन्य संस्थाओं द्वारा बनाई गई जीवंत झांकियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

शोभायात्रा में जिला प्रशासन के द्वारा सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया था। उपायुक्त लोकेश मिश्रा और एसपी अमन कुमार खुद मोर्चा संभाले हुए थे। वहीं कई मुस्लिम संगठनों ने शोभायात्रा में शामिल रामभक्तों का चना,गुड और ठंडा पानी से स्वागत किया।

