मुरहू स्वास्थ्य केंद्र में हुआ रक्तदान शिविर, रमा साबू ने किया 30वां रक्तदान
गणादेश,खूंटी: खूंटी जिले के मुरहू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन प्रखंड उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने किया। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी रमा साबू सहित कई लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता का संदेश दिया।
रमा साबू का यह 30वां रक्तदान था। उन्होंने कहा कि “जहाँ भी रक्तदान शिविर लगता है, मैं वहाँ अवश्य पहुँचती हूँ। रक्तदान वास्तव में महादान है, क्योंकि इससे किसी का जीवन बचाया जा सकता है।”
उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने बताया कि मुरहू में जब भी रक्तदान शिविर का आयोजन होता है, रमा साबू की सक्रिय भागीदारी रहती है। उन्होंने कहा कि “यदि हमारे रक्त से किसी का जीवन सुरक्षित होता है, तो यह ईश्वर के प्रति धन्यवाद व्यक्त करने का सबसे बड़ा तरीका है। इसलिए हम सभी को इस सोच के साथ रक्तदान करना चाहिए कि हमारा रक्त किसी जरूरतमंद की जान बचाने में काम आए।”
स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉक्टर आशुतोष तिग्गा ने जानकारी दी कि पिछले तीन वर्षों से मुरहू में नियमित रक्तदान शिविर आयोजित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि “रक्तदान करने से न केवल दानदाता का स्वास्थ्य अच्छा रहता है, बल्कि रक्त कोशिकाएँ सक्रिय होती हैं और शरीर में हीमोग्लोबिन संतुलन भी बेहतर रहता है। नियमित रक्तदान से सुस्ती दूर होती है और शारीरिक क्षमता मजबूत होती है।”
सिविल सर्जन डॉ. नागेश्वर मांझी ने शिविर की सफलता पर उप प्रमुख अरुण कुमार साबू और प्रभारी डॉक्टर आशुतोष तिग्गा को धन्यवाद दिया। साथ ही सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “रक्तदान वह उपहार है जिसे खरीदा नहीं जा सकता। यह जीवन बचाने की शक्ति है, इसलिए इसे महादान कहा गया है। मुरहू के लोगों ने इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिसके लिए मैं हृदय से आभार प्रकट करता हूँ।”
इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण की झलक भी दिखाई दी। साहिया दीदी और रमा साबू ने लोगों को प्रेरित करते हुए कहा कि “नियमित रक्तदान करने से व्यक्ति का शरीर स्वस्थ रहता है और उसकी सोच सकारात्मक होती है। यह समाज में सहयोग और संवेदना की भावना को और मजबूत बनाता है।”



