मतदान सामग्री के साथ मतदान कर्मियों एवं पुलिस कर्मियों को किया गया रवाना
खूंटी: नगरपालिका (आम) निर्वाचन अंतर्गत 23 फरवरी को नगर पंचायत क्षेत्र में होने वाले मतदान को लेकर कुल 19 वार्डों के अंतर्गत 30 मतदान केंद्रों के लिए आज बिरसा कॉलेज खूँटी परिसर से मतदान कर्मियों को मतपेटिका, अपॉइंटमेंट लेटर सहित सभी आवश्यक मतदान सामग्री का वितरण कर ससमय रवाना किया गया।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त आर० रॉनिटा एवं पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो द्वारा मतदान दलों एवं पुलिस कर्मियों को संयुक्त रूप से जॉइंट ब्रीफिंग दी गई। उन्होंने सभी मतदान कर्मियों को राज्य निर्वाचन आयोग की मार्गदर्शिका का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करते हुए ससमय मतदान प्रारंभ एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न हो। मतदान केंद्रों पर भीड़ प्रबंधन सुव्यवस्थित रखने, प्रत्येक दो घंटे पर रिपोर्टिंग करने, महिला एवं बुजुर्ग मतदाताओं को प्राथमिकता देने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही मतदान कर्मियों को वोटिंग कंपार्टमेंट में अनावश्यक प्रवेश नहीं करने, निर्धारित समय पर मतदान सम्पन्न कराने तथा मतदान उपरांत मतपेटिका की विधिवत सीलिंग कर उसे सुरक्षित रूप से रिसीविंग सेंटर में जमा कराने के निर्देश दिए गए।
उल्लेखनीय है कि 23 फरवरी 2026 को प्रातः 7 बजे से संध्या 5 बजे तक मतदान होगा, जबकि 27 फरवरी 2026 को मतगणना की तिथि निर्धारित है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने नगर पंचायत क्षेत्र के सभी योग्य मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुँचकर बिना किसी प्रलोभन एवं भय के निष्पक्ष मतदान अवश्य करें। सफल एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित कराने को लेकर सभी मतदान कर्मियों एवं संबंधित अधिकारियों को उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा शुभकामनाएँ देते हुए निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।
इस दौरान उप विकास आयुक्त, परियोजना निदेशक आईटीडीए, अपर समाहर्ता, सामान्य प्रेक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, नजारत उप समाहर्ता, सभी आर०ओ०, सभी ए०आर०ओ० सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



