अफीम की फसल पर चला पुलिस का ट्रैक्टर, वैकल्पिक खेती हेतु लोगों को किया गया प्रेरित
खूंटी: उपायुक्त लोकेश मिश्रा के निर्देश पर रविवार को खूंटी जिले के मुरहू प्रखंड के बुरजू, बुरुहातू समेत अन्य प्रखंडों में जिला प्रशासन द्वारा अभियान चलाकर अवैध अफीम की खेती को नष्ट करने की कार्रवाई की गई। इस अभियान के दौरान ट्रैक्टर और अन्य संसाधनों की मदद से बड़ी मात्रा में अवैध फसल नष्ट की गई।
इस कार्रवाई में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन द्वारा स्थानीय लोगों को अवैध अफीम की खेती से होने वाले कानूनी और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा उन्हें वैकल्पिक और लाभकारी खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध अफीम की खेती किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

