व्यापारिक सुरक्षा हेतु राज्यस्तर पर पुलिस-चैम्बर की हुई बैठक बैठक
गणादेश,रांची: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की पहल पर डीजीपी अनुराग गुप्ता की अध्यक्षता में सोमवार को पुलिस मुख्यालय, रांची में सभी वरीय पुलिस अधीक्षकों, जिलों के एसपी और राज्य–जिला स्तर के चैंबर प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संपन्न हुई। बैठक का उद्देश्य दीपावली और छठ महापर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और अपराध की रोकथाम सुनिश्चित करना था।
डीजीपी ने सभी जिलों के एसपी और चैंबर पदाधिकारियों से कानून-व्यवस्था की समीक्षा की और स्थानीय चैंबर के सहयोग से सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रमुख व्यावसायिक चौक, बाजार, मॉल, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और औद्योगिक क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना सुनिश्चित करने, बैंक क्षेत्रों में इंटरनेट इनेबल्ड कैमरे लगाने और रेसिडेंट वेलफेयर सोसाइटी का गठन करने का निर्देश दिया।
चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने पुलिस की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए थाना स्तर पर मासिक बैठकें आयोजित करने, रात्रि गश्ती मजबूत करने और ऑनलाइन फ्रॉड शिकायतों के लिए साइबर हेल्पडेस्क स्थापित करने का सुझाव दिया। डीजीपी ने इन सभी प्रस्तावों पर कार्रवाई के लिए एसपी को निर्देशित किया।
चैंबर महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि राज्य में व्यापारिक वातावरण तभी सुरक्षित और सकारात्मक रहेगा, जब पुलिस और व्यापारी वर्ग के बीच नियमित संवाद और समन्वय स्थापित होगा।



