विद्यापति दलान में कवि गोष्ठी 28को,कई प्रख्यात कवि करेंगे कविता पाठ
29मार्च को हरमू मैदान में कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे
रांची: राजधानी रांची के हरमू मैदान में झारखंड मैथिली मंच के द्वारा 28-30मार्च तक तीन दिवसीय विद्यापति स्मृति पर्व रजत जयंती का शुक्रवार को कविवर विद्यापति की प्रतिमा पर माल्यार्पण और कवि गोष्ठी के साथ शुभारंभ हो जायेगा। झारखंड मैथिली मंच के अध्यक्ष विनय कुमार झा और संरक्षक अरुण कुमार झा ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार को सुबह नौ बजे झारखंड मैथिली मंच के सभी सदस्य हरमू स्थित विद्यापति दलान पर एकत्रित होंगे। वहां से सभी मिथिला के परिधान धोती कुर्ता और सिर पर पाग पहने मेन रोड स्थित विद्यापति चौक पर पहुंचेंगे। वहां पर मंच के अध्यक्ष सहित सभी सदस्यों के द्वारा विद्यापति की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। उसके बाद दिन के 11 बजे से विद्यापति दलान में कवि गोष्ठी का आयोजन होगा। इसमें कवि बुद्धिनाथ झा,शैलजा झा,बद्रीनाथ झा, शिवकुमार नाथ झा,चेतना झा,जगदीश मंडल,हीतनाथ झा,आत्मेशवर झा,बिनोद कुमार झा,हरेंद्र कुमार झा, कौशल किशोर,अंजु झा सहित कई महान कवि के द्वारा कविता का पाठ किया जाएगा। कवि गोष्ठी में मंच का संचालन बद्रीनाथ झा करेंगे।
अध्यक्ष ने कहा कि 29 को हरमू मैदान में कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे। उनके साथ राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश और हटिया के विधायक नवीन जायसवाल रहेंगे। वहीं 30 मार्च को कार्यक्रम के समापन में मुख्य अतिथि राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार होंगे। उनके साथ केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ सहित कई भाजपा के नेता रहेंगे।
हरमू मैदान में कार्यक्रम की तैयारी पर निर्माण हो रहा पंडाल
हरमू का ऐतिहासिक मैदान तीन दिवसीय विद्यापति स्मृति पर्व रजत जयंती कार्यक्रम के लिए तैयार हो रहा है। मैदान में भव्य पंडाल का निर्माण हो रहा है। इसके साथ पंडाल परिसर में कई स्टॉल का भी निर्माण हो रहा है। इसमें बिहार और झारखंड सरकार के द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा मिथिला क्षेत्र का मिथिला पेंटिंग,मिथिला लजीज व्यंजनों का स्टॉल लगेगा।
मिथिला क्षेत्र का पान,माछ और मखान इस सभी चीजों का स्टॉल रहेगा।
तीन दिनों तक हरमू मैदान मिथिला नगरी की तरह लगेगा।

