PM-किसान के नाम पर 8 हजार किसानों को चूना लगाने वाले दो साइबर ठग भागलपुर में गिरफ्तार
प्रदीप विद्रोही,भागलपुर। किसानों के भरोसे और सरकारी योजना के नाम पर ठगी करने वाले एक साइबर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। भागलपुर पुलिस की साइबर सेल ने बीती रात कार्रवाई करते हुए दो साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताकर PM-किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों को फोन करते थे और नकली e-KYC अपडेट के नाम पर उनसे OTP लेकर उनके खातों से पैसे उड़ा लेते थे।
मामले का खुलासा कहलगांव के एक ग्रामीण की शिकायत के बाद हुआ। पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक जांच के आधार पर समन्वित छापेमारी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। जांच में सामने आया है कि इस गिरोह ने बड़े पैमाने पर ठगी की है और करीब 8,000 से अधिक PM-किसान लाभार्थियों के प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजकुमार दास (पिता छोटेलाल साह), निवासी दौतबत मोहल्ला, हबीबपुर थाना क्षेत्र, और दीपक शर्मा (पिता विजय शर्मा), निवासी राधा नगर, सजौर थाना क्षेत्र के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गिरोह भोले-भाले किसानों को फोन कर कहता था कि PM-किसान योजना के तहत उनकी e-KYC अपडेट करनी है। इसके लिए वे उनसे बैंक संबंधी जानकारी और OTP मांगते थे। जैसे ही OTP मिलता, आरोपी किसानों के खातों से पैसे निकालकर अपने नियंत्रण वाले खातों में ट्रांसफर कर देते थे।
कहलगांव अनुमंडल के ईशीपुर बराहाट थाना क्षेत्र के बद्लुगंज गांव निवासी चंदन कुमार साह की शिकायत के बाद साइबर पुलिस ने जांच शुरू की थी। सुराग मिलने के बाद टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
डीएसपी (साइबर सेल) कनीष्क श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपियों के पास से एक लैपटॉप, दो मोबाइल फोन, छह एटीएम कार्ड, चार बैंक पासबुक, चेक बुक समेत कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि इस ठगी के पीछे एक बड़ा संगठित नेटवर्क सक्रिय है, जिसकी गहन जांच जारी है।



