पीएम मोदी ने किया पिस्का और मुरी रेलवे स्टेशन का लोकार्पण, राज्यपाल बोले– आधुनिक रेल व्यवस्था से झारखंड के विकास को मिलेगी नई गति
रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत झारखंड के पिस्का और मुरी रेलवे स्टेशन भी राष्ट्र को समर्पित किए गए। पिस्का रेलवे स्टेशन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

राज्यपाल ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना केवल रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आधुनिक, सुरक्षित, पर्यावरण-अनुकूल और यात्री-केंद्रित भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने भारत की पहली हाइड्रोजन संचालित ट्रेन के शुभारंभ को स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेल तेजी से आधुनिक और विश्वस्तरीय परिवहन व्यवस्था के रूप में विकसित हो रही है। अमृत भारत स्टेशन योजना, वंदे भारत ट्रेनों, रेल विद्युतीकरण और ‘कवच’ जैसी आधुनिक सुरक्षा प्रणालियों के माध्यम से यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिल रहा है।
राज्यपाल ने कहा कि पुनर्विकसित पिस्का और मुरी रेलवे स्टेशन झारखंड के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इन स्टेशनों में आधुनिक यात्री सुविधाओं के साथ स्थानीय संस्कृति और विरासत को भी विशेष स्थान दिया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि बेहतर रेलवे अवसंरचना से राज्य में पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा बेहतर रेल संपर्क झारखंड के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति प्रदान करेगा।


