कल संसद, आज पीएम आवास का घेराव; NEET पेपर लीक पर कांग्रेस का प्रदर्शन, भारी हंगामा
गणादेश,रांची: संसद के मानसून सत्र के दूसरे दिन भी नीट परीक्षा पेपर लीक और छात्रों पर कथित लाठीचार्ज का मुद्दा गरमाया रहा। एक ओर जंतर-मंतर पर छात्र लगातार धरना दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी सहित कई वरिष्ठ नेता धरने में शामिल हुए। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे धरना स्थल तक पैदल पहुंचे।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। नेताओं का आरोप था कि सरकार परीक्षा घोटाले और छात्रों के साथ हुई कार्रवाई पर जवाब देने से बच रही है। प्रदर्शनकारियों ने “प्रधानमंत्री इस्तीफा दो” के नारे भी लगाए।
बताया जा रहा है कि लोकसभा में छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज का मुद्दा उठाने की अनुमति नहीं मिलने के विरोध में कांग्रेस ने पीएम आवास की ओर मार्च किया और धरने पर बैठ गई। राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों ने सरकार से जवाब मांगा, लेकिन उन्हें लाठियां मिलीं। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले युवाओं की आवाज दबाई जा रही है।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के लिए माफी मांगने और नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। इससे पहले राहुल गांधी और प्रियंका गांधी दिल्ली के आरएमएल अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने घायल छात्रों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनकी बातें सुनीं।
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में पूरी मजबूती से उठाएगी तथा छात्रों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी। वहीं, संसद के भीतर और बाहर इस मुद्दे को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी राजनीतिक टकराव की स्थिति बनी रही।


