सूर्या हांसदा हत्या मामले की सीबीआई जांच कराने और नगड़ी के रैयतों को जमीन की वापसी की मांग को लेकर 11 सितंबर को सभी प्रखंडों में प्रदर्शन करेगी भाजपा
रांची : पूर्व बीजेपी नेता सूर्या हांसदा हत्या मामले मे बीजेपी पूरे प्रदेश के सभी प्रखंडों में 11 सितंबर को प्रदर्शन करेगी। यह बातें रविवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरंडी ने बीजेपी कार्यालय में आयोजित पत्रकरवार्ता में साझा किया।
श्री मरांडी ने कहा कि सामाजिक राजनीतिक कार्यकर्ता सूर्या हांसदा की पुलिस द्वारा की गई नृशंस हत्या और नगड़ी के आदिवासी रैयतों से रिम्स 2 के नाम पर हेमंत सरकार द्वारा जमीन छीने जाने को भाजपा ने गम्भीरता से लिया है। पार्टी ने पहले भी सदन से लेकर सड़क तक आवाज बुलंद किया है। लेकिन सरकार अपने जिद्द पर अड़ी है। इसलिए भाजपा फिर इस मुद्दे को लेकर जोरदार आंदोलन करने जा रही।
श्री मरांडी ने पार्टी द्वारा आगमी 11 सितंबर को दोनों मुद्दों को लेकर राज्य के सभी 216 प्रखंडों में प्रदर्शन कर महामहिम राज्यपाल के नाम से प्रखंड विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम तय किया है।
उन्होंने दोनों मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि सूर्या हांसदा जिसको राज्य पुलिस एनकाउंटर बता रही उसकी बेरहमी से हत्या हुई है दूसरी ओर नगड़ी रांची में आदिवासी रैयतों की खेतिहर जमीन राज्य सरकार रिम्स 2 के नाम पर छीन रही है।
सूर्या हांसदा एक राजनीतिक सामाजिक कार्यकर्ता थे।बोरियो विधानसभा क्षेत्र से वे चार बार चुनाव लड़े थे। अपने घर में वे भवन बनाकर 250 से अधिक गरीब आदिवासी बच्चों को सिर्फ पढ़ाने की नहीं बल्कि उनके भोजन आवास की भी चिंता करते थे।
वहीं नगड़ी भूमि विवाद पर बोलते हुए श्री मरांडी ने कहा कि 1955..56 में तत्कालीन बिहार सरकार ने बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के लिए भूमि अधिग्रहण किया था। लेकिन किसानों रैयतों के जोरदार विरोध के कारण स्वयं मुख्यमंत्री ने नगड़ी आकर किसानों से जमीन नहीं लेने का वचन दिया और फिर किसानों रैयतों के नाम रसीद भी काटे जाते रहे।2012 तक किसान लगातार मालगुजारी देते रहे।लेकिन 2012 में झारखंड सरकार ने आईआईएम ,आईआईटी आदि के नाम पर फिर से उस जमीन का अधिग्रहण किया जिसका फिर विरोध हुआ। जमीन से रैयत अलग नहीं हुए लेकिन रसीद काटना बंद हो गया।
श्री मरांडी ने कहा कि दोनों मुद्दों पर आगामी 11 सितंबर को भाजपा के लाखों कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल होंगे।अलग अलग प्रखंडों में प्रदर्शन कर महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। प्रेसवार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, प्रवक्ता अजय साह उपस्थित थे।



