नेशनल यूथ डे पर खूंटी प्रखंड कार्यालय में रक्तदान सह स्वास्थ्य जांच शिविर, विधायक रामसूर्या मुंडा, एसडीएम दीपेश कुमारी ने किया उद्घाटन
खूंटी: नेशनल यूथ डे के अवसर पर सोमवार को खूंटी प्रखंड कार्यालय परिसर में रेड क्रॉस सोसाइटी के तत्वावधान में रक्तदान सह स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन स्थानीय विधायक रामसूर्या सिंह मुंडा और एसडीएम दीपेश कुमारी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर एसडीएम ने स्वयं रक्त जांच कराकर उपस्थित युवाओं और आम लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
शिविर में तरुण भगत, मनोज जायसवाल, मनोज मिश्रा सहित एक दर्जन से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोग स्वास्थ्य जांच के लिए भी पहुंचे। शिविर में ब्लड प्रेशर, शुगर, हीमोग्लोबिन सहित अन्य बुनियादी स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
एसडीएम दीपेश कुमारी ने कहा कि रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा लगाया गया यह शिविर अत्यंत सराहनीय पहल है। युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेकर यह साबित किया है कि समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी मजबूत है। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है। आपके द्वारा दिया गया रक्त किसी जरूरतमंद की जान बचा सकता है। आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती हैं और आपात स्थितियों में रक्त की अत्यधिक आवश्यकता पड़ती है। यदि समय पर रक्त उपलब्ध हो जाए तो कई अनमोल जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। इसलिए सभी स्वस्थ लोगों को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए।
एसडीएम ने बताया कि इस शिविर का उद्देश्य न केवल रक्त संग्रह करना है, बल्कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी है। इसी कारण रक्तदान के साथ-साथ स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया है, ताकि लोग अपने स्वास्थ्य की स्थिति जान सकें।
विधायक रामसूर्या सिंह मुंडा ने रेड क्रॉस और प्रशासन की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि खूंटी का ब्लड बैंक बेहतर ढंग से कार्य कर रहा है। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में खूंटी में और भी बेहतर स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण किया जाएगा, जिससे आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा मिल सके।
इस अवसर पर बीडीओ ज्योति कुमारी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।



