नगर निकाय चुनाव: भाजपा समर्थित रौशनी खलखो ने रांची मेयर पद के लिए किया नामांकन, सर्वांगीण विकास का जताया संकल्प

रांची: झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया बुधवार को समाप्त हो गई। अंतिम दिन रांची नगर निगम क्षेत्र से महापौर पद के लिए भाजपा समर्थित प्रत्याशी रौशनी खलखो ने अपना नामांकन दाखिल किया। इस अवसर पर उनके साथ भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे, जिससे पूरे इलाके में चुनावी माहौल देखने को मिला।
नामांकन से पूर्व रौशनी खलखो ने शहर में भव्य रैली निकाली। रैली में हजारों समर्थक शामिल हुए और ढोल-नगाड़ों, नारों तथा झंडों के साथ अपनी प्रत्याशी के प्रति जोश और विश्वास जताया। रैली में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए, जिन्होंने रौशनी खलखो को समर्थन देने की घोषणा की और उनका उत्साहवर्धन किया।
नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए रौशनी खलखो ने कहा कि रांची नगर निगम क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि रांची को भले ही स्मार्ट सिटी का दर्जा मिला हो, लेकिन आज भी शहर में कई बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। सड़क, जलापूर्ति, स्वच्छता और यातायात जैसी समस्याओं के समाधान के लिए ठोस योजना के साथ काम किया जाएगा।
उन्होंने अपने अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा कि वे लगातार दो बार पार्षद रह चुकी हैं और नगर निगम के कामकाज को नजदीक से समझती हैं। धरातल पर काम करने का अनुभव ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि उनका नाम ‘रौशनी’ है और वे नगर निगम क्षेत्र में विकास की रौशनी फैलाने का कार्य करेंगी। उनका लक्ष्य रांची को एक विकसित, सुव्यवस्थित और नागरिक सुविधाओं से युक्त शहर बनाना है।
रौशनी खलखो ने कहा कि यह चुनाव उनके लिए चुनौती नहीं, बल्कि जनता की सेवा का अवसर है। रांची की जनता उन्हें बेटी और बहन के रूप में जानती है और उसी विश्वास के साथ वे चुनावी मैदान में उतरी हैं। उल्लेखनीय है कि रांची नगर निगम चुनाव के लिए 23 फरवरी को मतदान होगा, जबकि मतगणना 27 फरवरी को कराई जाएगी। जैसे-जैसे चुनाव की तिथि नजदीक आ रही है, शहर में राजनीतिक गतिविधियां तेज होती जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *