उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की हुई बैठक

खूंटी: उपायुक्त आर. रॉनिटा की अध्यक्षता में समाहरणालय के सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात प्रबंधन एवं सड़क सुरक्षा को लेकर किए जा रहे कार्यों की गहन समीक्षा की गई। इस अवसर पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने जुलाई माह के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा के क्रम में जिला परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि दुर्घटना के बाद दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर संभावित कारणों की जांच करें। साथ ही, दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि दुर्घटना क्षेत्रों की पहचान कर वहां रंबल स्ट्रिप एवं साइनेज बोर्ड लगाना सुनिश्चित किया जाए। यातायात नियमों का पालन कराने के लिए नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जाए। हिट-एंड-रन जैसी घटनाओं पर रोकथाम के लिए त्वरित कार्रवाई की जाए तथा पीड़ित परिवारों को समय पर मुआवजा भुगतान हेतु आवश्यक कदम उठाए जाएं।

झारखंड सरकार की गुड सेमेरिटन पॉलिसी के विषय में चर्चा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने वाले व्यक्ति को उक्त योजना के तहत पुरस्कृत किया जाएगा। सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया कि सड़क सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के साथ लागू किया जाए ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

जिला मुख्यालय अंतर्गत मुख्य सड़कों पर लगने वाले जाम की समस्या पर गंभीरता से चर्चा करते हुए उपायुक्त ने कई आवश्यक सुझाव एवं निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, जिला परिवहन पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत, कार्यपालक अभियंता, एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *