मंईया सम्मान यात्रा लातेहार पहुंचा, विधायक कल्पना सोरेन ने बीजेपी पर जमकर किया हमला

मांईयां सम्मान योजना से महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं: बैद्यनाथ राम

लातेहार: मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान यात्रा बुधवार को लातेहार पहुंचा। स्थानीय खेल स्टेडियम में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंत्री बैद्यनाथ राम,मंत्री बेबी देवी,मंत्री दीपिका सिंह पाण्डेय और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन और विधायक रामचंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। वहीं तेजस्विनी योजना के तहत कार्यरत सखियों को सम्मानित किया गया। मौके पर विधायक कल्पना सोरेन ने कहा कि मंईयां सम्मान योजना के तहत झारखंड की बेटियों, बहनों और माता को सम्मान देने का मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने काम किया है। हेमंत सोरेन ने झारखंड के विकास के लिए जो कार्य किया है वह अपने आप में मिसाल है। परंतु कुछ बहुरूपिए इस समय झारखंड का दौरा कर आप लोगों को ठगने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हमारी माता बहनों के साथ खड़ी हैं। यह योजना सिर्फ एक वित्तीय सहायता नहीं है, बल्कि यह हमारे समाज के प्रति सम्मान और स्वाभिमान का प्रतीक है।उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में इस राशि को बढ़ाने पर विचार किया जाएगा।
कल्पना सोरेन ने बिजली के बकाए की समस्या को हल करने के लिए किए गए प्रयासों का जिक्र करते हुए बताया कि उनके कार्यकाल में कई योजनाएं लागू की गई हैं। जिनसे आम लोगों को सीधा लाभ हो रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले कुछ महीनों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जेल में रखने का प्रयास किया गया।लेकिन न्यायालय ने उन्हें रिहा कर दिया और अब वह पूरी ताकत से विकास के लिए काम कर रहे हैं।कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में किए गए सुधारों पर भी जोर दिया गया। उन्होंने बताया कि सावित्रीबाई फुले योजना के तहत 8वीं से 12वीं कक्षा की छात्राओं को 40,000 रुपये की राशि दी जाएगी, ताकि वे अपनी पढ़ाई पूरी कर सकें। कल्पना सोरेन ने यह भी कहा कि झारखंड सरकार विदेश में पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति की व्यवस्था कर रही है।इस कार्यक्रम में उपस्थित सभी व्यक्तियों का आभार व्यक्त करते हुए, कल्पना सोरेन ने कहा कि झारखंड की महिलाएं न केवल समाज का आधार हैं, बल्कि वे राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा, हमारी सरकार हमेशा आपके साथ है और आपकी आवाज को मजबूती से उठाएगी।
मौके पर शिक्षा मंत्री बैद्यनाथ राम ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राज्य की महिलाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की थी। इसके तहत माताओं और बहनों को सालाना 12,000 रुपये की सहायता देने की योजना का उद्घाटन किया गया। इस योजना का लाभ राज्य की लाखों बहन,बेटी और माताओं को मिलने लगा हैं। मुख्यमंत्री मांईयां सम्मान योजना महिलाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए बनाई गई है।
वहीं भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि जनता के द्वारा चुनी हुई सरकार को गिराने में भाजपा लगी रहती है। झूठ और फरेब के सहारे झारखंड की सत्ता पर काबिज होना चाहती है। इसके लिए भाजपा की पूरी फौज इन दिनों झारखंड के अलग अलग जिले में जनता को बरगला रही है। मंत्री ने कहा कि झारखंड की जनता अब भाजपा के झूठे आश्वासन में आने वाली नहीं है। जनता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर विश्वास कर रही है और फिर से उन्हें सत्ता में बैठाना चाहती है।कार्यक्रम में उपस्थित मंत्री बेबी देवी और दीपिका सिंह पांडे ने भी अपने विचार साझा किए। बेबी देवी ने कहा, “इस योजना से महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होंगी और अपने परिवार का सम्मान बढ़ा सकेंगी।उन्होंने आगे कहा कि यह योजना राज्य में महिलाओं के प्रति समर्पण का प्रतीक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *