फाइनल में मगध की तूफ़ानी दहाड़, तिरहुत बना बेबस, आदर्श चमके सितारे की तरह

भागलपुर। सैंडिस कंपाउंड के ऐतिहासिक मैदान पर बुधवार का दिन मगध के नाम रहा, जब दस दिवसीय राज्य स्तरीय अंतर-प्रमंडल अंडर-19 बालक क्रिकेट प्रतियोगिता के फ़ाइनल में मगध ने तिरहुत को एकतरफा मात देकर खिताब अपने नाम कर लिया। खेल विभाग बिहार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना और जिला प्रशासन भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रोमांचक टूर्नामेंट का समापन शानदार अंदाज़ में हुआ।

तिरहुत की पारी ढही, मगध की गेंदबाज़ी हावी

मगध के कप्तान ने समझदारी दिखाते हुए टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी और उनका यह फैसला बिल्कुल सही साबित हुआ। तिरहुत प्रमंडल की टीम 20 ओवर में सिर्फ 117 रन पर सिमट गई।
तिरहुत की ओर से अभिनव कुमार ने सबसे अधिक 31 रन (39 गेंद) बनाए, जबकि आलोक सिंह ने 17 रन (19 गेंद) और मणिकांत ने तेज़ 19 रन (8 गेंद) जोड़कर स्कोर को किसी तरह 117 तक पहुंचाया।

गेंदबाज़ी में मगध की पकड़ कसी हुई रही। तिरहुत की तरफ से गेंदबाज़ी में आलोक सिंह ने 2 ओवर में 16 रन देकर 2 विकेट, मणिकांत ने 4 ओवर में 21 रन पर 1 विकेट और शिवम् कुमार ने 4 ओवर में 22 रन देकर 1 विकेट लिया।

मगध की जीत में आदर्श और आयुष ने किया काम तमाम

118 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी मगध की टीम ने बड़े सधी हुई बल्लेबाज़ी की। टीम ने 19.3 ओवर में सिर्फ 4 विकेट खोकर आराम से जीत दर्ज की। आदर्श कुमार मैच के हीरो रहे। उन्होंने 59 गेंदों पर नाबाद 62 रन की जिम्मेदार पारी खेली। वहीं आयुष कुमार ने 36 गेंदों पर 30 रन और समीर मेहता ने 4 गेंद पर 8 रन जोड़कर जीत पक्की कर दी। मैन ऑफ़ द मैच: आदर्श कुमार (मगध), मैन ऑफ़ द सीरीज: मणिकांत (तिरहुत), बेस्ट बॉलर: मणिकांत (तिरहुत), बेस्ट बल्लेबाज़: आदर्श कुमार (मगध) रहे।

चयनकर्ता धनंजय कुमार, शैलेंद्र कुमार दीक्षित, नवीन भूषण शर्मा के साथ अंपायर मनोज गुप्ता और जयंत कुमार खिलाड़ियों के हर रन और हर गेंद का बारीकी से विश्लेषण कर रहे थे, ताकि आगामी प्रतियोगिताओं के लिए सर्वश्रेष्ठ टीम का चयन किया जा सके।

फाइनल मैच के बाद हुए समापन समारोह में भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक श्री हृदय कांत बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। निर्णायक की भूमिका सुनील कुमार और राजेश कुमार ने निभाई, जबकि स्कोरर अंकित राज और हिमांशु रहे। मगध की इस ऐतिहासिक जीत ने टूर्नामेंट के समापन को यादगार बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *